विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
संवाद सहयोगी, हांसी : गांव मने खां में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, हांसी : गांव मने खां में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका नीलम के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर परेशान करने व उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई योगेश की शिकायत पर पति, ससुर व एक अन्य महिला पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाणी पाल निवासी मृतका के भाई योगेश ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि उसकी बहन नीलम की शादी 2002 में मने खां गांव निवासी संदीप के साथ हुई थी। संदीप रोडवेज में कंडक्टर के पद पर कार्यरत है। मगर शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा था। कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हो चुकी है। योगेश ने आरोप लगाया है कि संदीप के अन्य महिला के साथ नाजायज संबंध है और उसकी बहन को परेशान करता था। परिजनों ने बताया कि नीलम इसे लेकर मानसिक रूप से परेशान रहती थी। 10 दिन पूर्व ही नीलम को उसका भाई योगेश ससुराल में छोड़कर आया था। रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली की नीलम की मौत हो गई है। आरोप है कि जब वह ससुराल पहुंचे तो उसके पति व ससुर ने गाली गलौच करना शुरू कर दिया। वहीं ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि नीलम अपने कमरे में मृत पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया है। किला पुलिस चौकी इंचार्ज सूरज भान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा। पति संदीप, ससुर छाजूराम व एक अन्य महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों के कॉल डिटेल निकाली जा रही है।