नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला किया दुष्कर्म, विरोध किया तो वीडियो दिखा करने लगा ब्लैकमेल Hisar news
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी विगो आइडी बनाई हुई है जिस पर वह गानों की क्लिप बना कर डालती है। मई 2019 में विगो आइडी पर आरोपित ने मैसेज डाला और जान पहचान बना ली
रोहतक, जेएनएन। नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। नई दिल्ली निवासी पीडि़ता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि आरोपित ने उसके पति के फर्जी शैक्षिक दस्तावेज बनाने के नाम पर रुपये भी हड़पे हैं।
पीडि़त महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी विगो आइडी बनाई हुई है जिस पर वह गानों की क्लिप बना कर डालती रहती है। मई 2019 में विगो आइडी पर आरोपित ने मैसेज डाला। इसके बाद लगातार मैसेज डालता रहा। जब कई दिनों बाद उसका जवाब दिया तो आरोपित दोस्ती के लिए कहने लगा, जिस पर उसे मना भी किया।
कुछ दिन बाद आरोपित ने फिर से आइडी पर मैसेज किया और उसे व उसके पति को सरकारी नौकरी लगाने की बातों में उलझाने लगा। आरोपित ने यह भी बताया कि वह हरियाणा पुलिस में सिपाही व सरकारी क्लर्क की नौकरी दिला सकता है। वे पूरा का पूरा सेंटर खरीद लेते हैं और आप को अपने पेपर में बस अपना रोल नंबर लिख कर आना है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने कहा कि उसका पति अनपढ़ है तो उसने कहा कि वह दसवीं की मार्कशीट बनवा देगा जिसके लिए 5000 रुपये देने होंगे।
इसके बाद 28 मई को भर्ती निकली हुई बताई। इसके बाद हरियाणा पुलिस की भर्ती निकली होने पर उसने दोनों को दसवीं की मार्कशीट के पैसे व असली कागजात और फोटो लेकर भिवानी बुलाया। इसके बाद 6 जून को वह रोहतक पहुंच गई। आरोपित कहने लगा कि किसी होटल में चलकर कमरा लेकर बात करते हैं तो उसने होटल में कमरा लेने से मना कर दिया।
इसके बाद वह कहने लगा कि आप को बैठकर पेपर के बारे में बताना है कि कैसे पेपर करना है। इसके बाद आरोपित ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया। होश में आने पर आरोपित से जब इसका विरोध किया तो उसने मोबाइल में वीडियो दिखाते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपित ने कई बार ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म किया। फिलहाल पुलिस ने भिवानी के तोशाम निवासी रोनी उर्फ राकेश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।