किन्नर से फेसबुक पर की फ्रेंडशिप, घर बसाने के दिखाए सपने, फिर कर दिया ऐसा काम
युवक करीब ढाई साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वह मंगलमुखी के लाखों रुपये और सोने-चांदी के जेवर हड़पकर फरार हो गया। लिंग परिवर्तन के लिए एक डाक्टर के से बात चल रही थी।
हिसार, जेएनएन। घर बसाने के सपने दिखाओ तो कोई भी सामने वाले को अपना समझ बैठता है। मगर सामने वाला सच में सपने साकार करना चाहता है या फिर फरेब है यह समझ पाना बेहद मुश्किल है। हिसार में एक मंगलमुखी यानि किन्नर के साथ भी हुआ। पटेल नगर निवासी एक मंगलमुखी के साथ प्यार का ड्रामा रच युवक ने गहने और नकदी की चपत लगा दी।
बता दें कि विनय नामक युवक करीब ढाई साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वह मंगलमुखी के लाखों रुपये और सोने-चांदी के जेवर हड़पकर फरार हो गया। लिंग परिवर्तन के लिए मंगलमुखी की एक डाक्टर के साथ बात चल रही थी। पुलिस ने यूनिवर्सिटी विहार कालोनी निवासी नामजद युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मंगलमुखी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह और यूनिवर्सिटी विहार कालोनी का विनय ढाई साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। वे दोनों शादी करना चाहते थे। लिंग परिवर्तन कराने के लिए उसने एक डाक्टर से बात की थी। विनय को इस बात का पता था। विनय ने उसे बताया था कि वह मकान खरीदना चाहता है। ताकि वे अलग रह सकें, उसको रुपये चाहिए। उसने उसे ढाई लाख रुपये दे दिए थे।
नकदी हासिल करने के बाद विनय का व्यवहार बदल गया। वह उसके साथ अक्सर मारपीट करने लगा। वह कई लड़कियों से फोन पर बात करता था। उसने इसका विरोध किया तो विनय ने मारपीट की। उसने पुलिस को शिकायत देने की बात कही तो वह डर गया और माफी मांग ली। वह 3 अगस्त को उसे कोर्ट में ले गया और लिव इन में रहने का इकरारनामा तैयार करा लिया।
वह तीन दिन बाद घर में आया। तब वह अकेली थी। वह नहाने बाथरूम में गई थी। वह पीछे से अलमारी से 1.10 लाख रुपये, एक सोने की एक चेन, दो अंगूठी, चांदी के जेवर और एक मोबाइल फोन चुरा ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप