Move to Jagran APP

Elections 2024: हरियाणा में कांग्रेस उम्मीदवारों की वायरल लिस्ट की क्या है सच्चाई? प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने किया क्लियर

Haryana Lok Sabha Election 2024 हरियाणा की नौ सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है जबकि एक सीट कुरुक्षेत्र सीट से आप चुनाव लड़ रही है। आप ने इस सीट से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। लेकिन अभी तक कांग्रेस ने नौ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। वहीं बीते दिन इंडियन नेशनल लोकदल ने तीन सीटों पर और उम्मीदवारों की घोषणा की।

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Published: Tue, 23 Apr 2024 09:37 AM (IST)Updated: Tue, 23 Apr 2024 09:37 AM (IST)
Haryana Lok Sabha Election 2024: हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान चौधरी

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana Lok Sabha Election 2024: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने तीन और लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं और शेष लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा 26 अप्रैल के बाद की जाएगी।

loksabha election banner

दूसरी तरफ, कांग्रेस में हरियाणा की नौ लोकसभा सीटों पर कांग्रेस (Congress Candidates List) उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर प्रत्याशियों व लोगों का इंतजार लंबा खिंचता चला जा रहा है। कभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली से बाहर होने तो कभी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बीमार होने का हवाला देकर कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची को लगातार लटकाया जा रहा है।

29 अप्रैल से नामांकन

लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 अप्रैल से आरंभ होगी। ऐसे में कांग्रेस के रणनीतिकारों ने इसके आसपास ही पार्टी उम्मीदवारों की सूची आने का संकेत दिया है।

सोमवार को जारी सूची में इनेलो ने फरीदाबाद से बल्लभगढ़ रियासत के राजा नाहर सिंह के प्रपौत्र सुनील तेवतिया और सिरसा आरक्षित लोकसभा क्षेत्र में दो बार विधायक रहे फकीरचंद के पौत्र संदीप लोट को उम्मीदवार बनाया गया है।

अभय कुरुक्षेत्र से लड़ रहे चुनाव

सोनीपत में सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह दहिया को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान तीनों लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए।

अभय खुद कुरुक्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं, जबकि हिसार से सुनैना चौटाला और अंबाला से गुरप्रीत सिंह गिल को टिकट दिया गया है।

अभय ने कहा कि वह एक मई को कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन करेंगे। साथ ही करनाल में मराठा वीरेंद्र वर्मा को समर्थन की घोषणा करते हुए कहा कि चाहे वह किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें, उन्हें इनेलो का समर्थन रहेगा।

इस मौके पर महिला सर्वखाप पंचायत की राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष दहिया ने इनेलो को समर्थन देते हुए कहा कि किसानों के समर्थन में अभय चौटाला प्रदेश में इकलौते विधायक थे, जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया।

वायरल हुई कांग्रेस की फर्जी सूची

प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों में से नौ पर कांग्रेस को अपने उम्मीदवार घोषित करने हैं। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है। बाकी नौ लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने होमवर्क लगभग पूरा कर लिया है।

कार्यकर्ताओं में उत्सुकता बनाए रखने तथा चुनावी रण में माहौल बनाने के लिए हर रोज टिकट के दावेदारों के नाम बदल-बदल कर पेश किए जा रहे हैं।

लिस्ट पर केसी वेणुगोपाल के थे हस्ताक्षर

सोमवार सुबह तो हद हो गई, जब कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर और मुहर लगी एक सूची वायरल कर दी गई, जिसमें उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। इस सूची को वास्तविक मानते हुए पूरे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

थोड़ी देर बात पता चला कि सूची नकली है और इसे बड़ी सफाई के साथ तैयार किया गया है। प्रथम दृष्टि में सूची देखकर कहीं से भी नजर नहीं आ रहा था कि यह नकली हो सकती है। हरियाणा कांग्रेस के एक्स हेंडिल से इस सूची के नकली होने की जानकारी दी गई।

उदयभान को भी देनी पड़ी सफाई

इससे भी काम नहीं चला तो हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह सूची नकली है। कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम पर होमवर्क पूरा हो चुका है, चूंकि 29 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, इसलिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची उसके आसपास ही आने की संभावना है।

उम्मीदवारों की प्रोफाइल

  • सुनील तेवतिया, फरीदाबाद: इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और बल्लभगढ़ रियासत के राजा नाहर सिंह के प्रपौत्र सुनील तेवतिया ने स्नातक तक शिक्षा ग्रहण की है। पिता राजकुमार तेवतिया और दादा चौधरी बलबीर सिंह भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं।
  • अनूप सिंह दहिया, सोनीपत: सोनीपत के खरखौदा विधानसभा क्षेत्र के गांव सिसाना के रहते वाले अनूप सिंह दहिया रिटायर्ड एसपी हैं। द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता और राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित अनूप दहिया का अच्छा खासा रसूख है।

  • संदीप लोट, सिरसा: नरवाना के गांव कालवन के रहने वाले संदीप लोट वाल्मीकि समुदाय से हैं। सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होल्डर लोट हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण गुरुग्राम में एसडीओ हैं। वर्ष 2016 से 2018 तक डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन हरियाणा के जिला प्रधान रहे और वर्ष 2023 से जेई एवं एसडीओ एसोसिएशन हुडा के चेयरमैन हैं। पिता रामफल लोट ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर नरवाना से चुनाव लड़ा, जबकि दादा फकीरचंद 1952 से 1957 और 1962 से 1967 तक विधायक रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में क्यों बदले जजपा के सुर, क्या चुनाव में काम आएगी ये रणनीति? भाजपा ने भी चला नया दांव

यह भी पढ़ें- संसद के पन्नों से: जब सदन में अटल जी ने पूछा- मारुति की पूछ की पकड़ में क्या नई दिल्ली भी आ गई है?


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.