हरियाणा: लाडवा की बेटी सुरक्षा भारतीय महिला हैंडबाल टीम में चयनित, एशियन चैंपियनशिप में दिखाएगी दम
लाडवा की बेटी सुरक्षा का चयन 21वीं एशियन महिला हैंडबाल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय महिला टीम में हुआ है। वह कजाकिस्तान में होने वाली इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिससे हिसार क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
-1795501577468_m.webp)
फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
सुरक्षा का भारतीय महिला हैंडबाल टीम में चयन हुआ।
21वीं एशियन चैंपियनशिप में कजाकिस्तान में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व।
उनकी उपलब्धि से लाडवा गांव और हिसार में खुशी का माहौल।
जागरण संवाददाता, हिसार। लाडवा की बेटी सुरक्षा ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन 21वीं एशियन महिला हैंडबाल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय महिला टीम में हुआ है।
सुरक्षा 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक कजाकिस्तान के अल्माटी में होने वाली इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके भारतीय टीम में चयन से लाडवा गांव सहित पूरे हिसार क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में भारतीय टीम को ग्रुप-बी में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया, मेजबान कजाकिस्तान, आस्ट्रेलिया और उज्बेकिस्तान की टीमों से होगा।
चैंपियनशिप में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें वर्ष 2027 में होने वाली महिला विश्व हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह प्रतियोगिता काफी अहम मानी जा रही है। लाडवा के हैंडबाल कोच अशोक पूनिया और महावीर पूनिया ने बताया कि सुरक्षा इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई है। सुरक्षा वर्तमान में खेल कोटे से रेलवे में सेवाएं दे रही हैं।
ग्राम पंचायत लाडवा के सरपंच रामफल पूनिया ने सुरक्षा की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि गांव की बेटियां खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
सुरक्षा की यह उपलब्धि दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। इस उपलब्धि पर पूर्व वरिष्ठ साई हैंडबाल कोच स्वरूप सिंह चहल, कोच सतपाल ढांडा, डीपीई कुलदीप नैन, डीपीई दीपक पंवार, जिला परिषद सदस्य जसबीर लाडवा, पूर्व क्रिकेटर कुलदीप पूनिया, सुरजीत पूनिया, प्रदीप लांबा, कोच संदीप पूनिया, नवीन पूनिया, किन्नू शास्त्री, कबड्डी कोच राहुल लांबा, रणबीर फौजी और पंच साधुराम श्योरण ने सुरक्षा और उनके परिवार को बधाई दी।