चौटाला परिवार को एक करने के लिए प्रकाश सिंह बादल ने भी बढ़ाया हाथ, कहा- पूरा समर्थन
चौटाला परिवार को एक करने के लिए खाप ने पहल की है सर्वजातीय खाप पंचायत बादल से मिलने पहुंची थी। उन्होंने ओपी चौटाला की पत्नी के निधन पर भी परिवार को एक होने की नसीहत दी थी।
डबवाली (सिरसा) [डीडी गोयल] चौटाला परिवार को एकजुट करने के साथ प्रदेश में महागठबंधन के लिए प्रयासरत सर्व जातीय खाप पंचायत ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात की। मलोट (श्री मुक्तसर साहिब) में दलाल खाप के प्रतिनिधि रमेश दलाल के नेतृत्व में गए प्रतिनिधि मंडल ने बादल से लंबी बातचीत की। बादल ने कहा कि राजनीतिक तौर पर गठबंधन भाजपा के साथ है। लेकिन चौटाला परिवार से दिल का गठबंधन है। चौधरी देवीलाल के साथ मिलकर कार्य किया है। वे दिल से चाहते हैं कि चौटाला परिवार एकजुट हो। इस प्रयास को सराहते हुए कहा कि वे समझौते के लिए पंचायत को अधिकृत करते हैं। पंचायत जो फैसला करेगी, वह मंजूर होगा। देवीलाल तथा स्नेहलता की आत्मा को शांति तभी मिलेगी, जब चौटाला परिवार एक होगा।
कुछ दिन पूर्व खाप पंचायत ने तेजाखेड़ा गांव में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला से मुलाकात की थी। चौटाला ने पंचायत को फैसले के लिए अधिकृत किया था। सर्व जातीय खाप पंचायत के प्रतिनिधि रमेश दलाल दावा करते हैं कि अजय सिंह तथा अभय सिंह ने फैसले के लिए अधिकृत किया है। अभी तक दुष्यंत चौटाला ने अधिकृत नहीं किया है। दलाल बृहस्पतिवार को दो बार उनसे लंबी बातचीत कर चुके हैं। दुष्यंत की हां या ना के लिए सर्व जातीय खाप पंचायत पत्र लिखेगी। पूर्व सांसद के जवाब पर अगला कदम उठाएगी।
सर्वजातीय खाप पंचायत की दलील, चौटाला रिहाई के योग्य
बादल से मुलाकात करके वापस जाते समय दलाल खाप के प्रतिनिधि रमेश दलाल कुछ समय के लिए डबवाली रुके थे। बिश्नोई धर्मशाला में बिश्नोई समाज के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर भी कई टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ओपी चौटाला दिव्यांग हैं। वे रिहाई के योग्य हैं। लेकिन सरकार उनकी रिहाई नहीं होने दे रही।
---प्रकाश सिंह बादल चौटाला परिवार के मुखिया हैं। चौटाला परिवार में मनमुटाव को दूर करने के लिए कुछ बिंदुओं पर उनसे बातचीत हुई है। मनमुटाव की वजह क्या है? यह आंतरिक मामला है। हम आपको नहीं बता सकते। इतना जरुर कहेंगे कि खुद चौटाला, उनके दो बेटे राजी हैं तो बच्चों को समझना चाहिए। पूरा प्रदेश एकजुटता की राह देख रहा है। -रमेश दलाल, प्रतिनिधि दलाल खाप, हरियाणा