यहां किसी के साथ नहीं जान पहचान फिर भी बेटियां मान कर रहे कन्यादान
पिछले आठ साल से जरूरतमंद जोड़ों की शादी करवा उनके जीवन में खुशी भरने का काम कर रही संस्था
जेएनएन, हिसार
अपनों के लिए तो सब करते हैं, मगर जिन लोगों को हम जानते तक नहीं उनके जीवन में खुशियां लाने का काम हर कोई नहीं कर पाता। मगर हांसी में जेसीआई हांसी फोर्ट संस्था पिछले आठ साल से इस जिम्मेदारी को निभा रही है। संस्था अब तक 125 जोड़ों की शादी करवा चुकी है। अनजान लड़कियों को बेटियां मान संस्था के लोग न केवल शादी करवाते हैं बल्कि जरुरत का सामान भी उपलब्ध करवाते हैं। रविवार को भी इस कड़ी को आगे बढ़ाया गया और 18 जरूरतमंद कन्याओं की शादी करवाई गई। हांसी पुलिस अधीक्षक गोदारा इस दौरान समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंची। शादी समारोह के साथ-साथ दावत का इंतजाम भी किया गया और शादी में दिए जाने वाले सामान भी रखा गया। इतना ही नहीं आस पास से गुजर रहे लोगों ने भी कन्यादान दिया और नवविवाहित जोड़ो के भविष्य के लिए मंगल कामना की।
संस्था सरंक्षक सुभाष गुप्ता ने बताया कि वो शादी ¨हदी रीति रिवाज से करवाते हैं और शादी में मेज कुर्सी, बेड, रजाई गद्दा बर्तन, आभूषण समेत कई तरह की वस्तुएं वैवाहिक जोड़ों को देते हैं। उन्होंने कहा हम अभी तक कुल 125 जोड़ों की शादी करवा चुके हैं। हर साल कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है और जरूरतमंद जोड़े शादी से पहले संस्था में आकर अपना रजिस्ट्रेशन करवाते हैं और फिर एक निश्चित दिन को उनकी शादी करवाई जाती है। उन्होंने कहा विकट परिस्थिति या आर्थिक तौर पर कमजोर होने के चलते बेटियों के जीवन में बहुत मुश्किलें आ जाती हैं। कुछ के परिजन भी नहीं रहते तो ऐसी स्थिति में बेटियों का नया खुशीमय जीवन शुरू हो सके इसके लिए संस्था प्रयास करती है।