इनेलो की पूर्व विधायक सरोज मोर का निधन
पूर्व इनेलो विधायक सरोज मोर का लंबी बीमारी के कारण शुक्रवार को देहांत हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे हलके में शोक की लहर दौड़ गई।
संवाद सहयोगी, नारनौंद : पूर्व इनेलो विधायक सरोज मोर का लंबी बीमारी के कारण शुक्रवार को देहांत हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे हलके में शोक की लहर दौड़ गई। सरोज मोर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बास बादशाहपुर में ही किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने उनके आखिरी दर्शन कर श्रद्धांजलि दी।
इनेलो नेता राज सिंह मोर ने बताया कि 60 वर्षीय सरोज मोर लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थीं। वह एक महीने से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दाखिल थीं। वीरवार को अस्पताल से उनको छुट्टी मिल गई थी और वह फरीदाबाद में अपने आवास पर थी। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने दोपहर को आखिरी सांस ली। वह अब भी इनेलो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य थी।
उनके निधन पर ओलंपिक संघ के प्रदेश महासचिव विजेंद्र लोहान, इनेलो जिला प्रधान सतबीर सिसाय, समाजसेवी सुशील उगालन, जस्सी पेटवाड़, अमित बुरा, राजेश लांबा, जयवीर मोर, दिनेश मोर, रामकुमार भट्ट, पार्षद संदीप, पूर्व चेयरमैन शमशेर सैनी, वजीर मोहला, सूबेदार इंदर सिंह, सहित अनेक समाजसेवी संगठनों में राजनेताओं ने शोक जताया है।