बाइक पर लंबी कतारें बनाकर हिसार से जींद जाने के लिए निकले भाजपा कार्यकर्ता
जींद में 15 फरवरी को नियोजित भाजपा की रैली में सभी जिलों से भाजपा कार्यकर्ता बाइक पर कतारें बनाकर निकले। हिसार जिले में भी हजारों की संख्या में बाइकर्स रैली में जाने के लिए सुबह ही निकल पड़े।
जागरण संवाददाता, हिसार
जींद में 15 फरवरी को नियोजित भाजपा की रैली में सभी जिलों से भाजपा कार्यकर्ता बाइक पर कतारें बनाकर निकले। हिसार जिले में भी हजारों की संख्या में बाइकर्स रैली में जाने के लिए सुबह ही निकल पड़े। नारनौंद, आदमपुर, बरवाला, घिराय, उकलाना और सिवानी से कार्यकर्ता हाथों में भाजपा का झंडा हाथों में लेकर बाइक पर सवार दिखे। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी बाइक पर सवार हुए। मगर इस सब के बीच काफी समय तक शहर के अंदर और बाहर जाम भी देखने को मिला। रैली के लिए सुरक्षा के पुख्ता के इंतजाम भी किए गए। हालांकि जो लोग रैली से ज्यादा इत्तेफाक नहीं रखते उन्होंने रैली को लेकर एतराज भी जाहिर किया है। वहीं इतनी बाइकों के कारण जो तेल की खपत होगी और प्रदूषण भी बढ़ेगा उसे लेकर भी कई तरह की चर्चाएं सुनने को मिली। इसके अलावा भाजपा नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को रवाना किया गया। हिसार जिले से कार्यकर्ता किस रूट से जींद जाएंगे इसके लिए भी रूट तैयार किया और कार्यकर्ता हिसार से सातरोड, हांसी नारनौंद रोड से माजरा प्याऊ से गुलकनी इक्कस से होते हुए भाजपा का काफिला जींद पहुंचा। काफिला जैसे जैसे आगे बढ़ता गया रास्ते में आने वाले गांवों से भी कार्यकर्ता शामिल होते गए। ऐसे में हर तरफ बाइक ही बाइक नजर आ रही थी। वहीं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली में किसी तरह का व्यवधान पैदा न हो इसके लिए सीएम पहले ही रैली स्थल का मुआयना कर चुके हैं।