विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के हांसी में कारोबारी को नाम लेकर पुकारा, जवाब नहीं मिला तो घर में घुसकर चलाई गोलियां; सहमे महिलाएं-बच्चे 

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:06 AM (GMT+05:30)

हांसी के पेटवाड़ में कारोबारी धर्मपाल के घर पर एक नकाबपोश हमलावर ने फायरिंग की, जिसमें घर में खड़ी कार में तीन गोलियां लगीं और परिवार सहम गया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

कारोबारी के घर में घुसकर मारी गोली। फोटो जागरण

कारोबारी के घर में घुसकर मारी गोली। फोटो जागरण

HighLights

  1. नकाबपोश हमलावर ने कारोबारी धर्मपाल के घर पर की फायरिंग।

  2. घर में खड़ी कार में तीन गोलियां लगीं, परिवार सहमा।

  3. सीसीटीवी फुटेज से पुलिस हमलावर की पहचान में जुटी।

जागरण संवाददाता, हांसी। शुक्रवार रात सवा नौ बजे पेटवाड़ के कारोबारी धर्मपाल के घर के बाहर आवाज आई। बाइक से पहुंचे नकाबपोश ने उनका नाम पुकारा। कोई बाहर नहीं निकला तो पहले मुख्य गेट से गोली चलाई, फिर अंदर घुसकर तीन फायर किए। घर में खड़ी कार में तीन गोलियां लगीं। उस समय महिलाएं और बच्चे भीतर थे। अचानक गोलियां चलने से परिवार सहम गया। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।

कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ के पैतृक गांव में हुई इस घटना के समय धर्मपाल पड़ोस में शोक जताने गए थे। करीब 60 वर्षीय धर्मपाल प्रापर्टी कारोबार के साथ नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान भी चलाते हैं।

उनके बेटे उमेश ने बताया कि घर में उनकी पत्नी, मां, भाई-भाभी और बच्चे मौजूद थे। हमलावर चेहरा ढके हुए था। फायरिंग के बाद वह भाग गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और धर्मपाल भी लौट आए। उमेश के अनुसार, परिवार की किसी से रंजिश या विवाद नहीं है। अचानक हुए हमले से सभी हैरान हैं।

सूचना पर डायल 112, सीआइए नारनौंद और थाना पुलिस पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि फुटेज में एक युवक दिखाई दिया है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फायरिंग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।