अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ आइजी सख्त, पुलिस से 15 दिन में मांगी एक्शन रिपोर्ट
हिसार रेंज आइजी राकेश कुमार अवैध शराब और तस्करी पर सख्त हो गए हैं। अवैध शराब एवं शराब तस्करी रोकने के लिए मंडल पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की। 15 दिन में हिसार जोन के पांच जिलों की पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।
हिसार, जेएनएन। आइजी रेंज राकेश कुमार आर्य ने मंडल के पांचों जिलों में पुलिस द्वारा इस वर्ष जनवरी से 31 मई 2021 तक हिसार मंडल पुलिस द्वारा नाजायज शराब के धंधे में लिप्त लोगों, शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ दर्ज मुकदमे, तस्करों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी बारे रिपोर्ट तलब कर जिला वाइज समीक्षा की है।
हिसार मंडल के पांचों जिलों में मंडल पुलिस ने इस वर्ष 31 मई तक एक्साइज एक्ट के तहत 649 केस दर्ज किए हैं व उपरोक्त जुर्म में 708 गों को गिरफ्तार किया है । मंडल स्तर पर पुलिस ने अवैध रूप से तस्करी की जा रही शराब की 42353 बोतलें बरामद की है, जिनमें अंग्रेजी शराब की 19388 बोतलें व 1092 बोतलें बीयर की है, पुलिस ने 2699 बोतलें नाजायज (नकली) शराब की भी बरामद की है। लाॅकडाउन के दौरान छापामारी करके पुलिस ने नाजायज शराब की 09 चलती हुई भठ्ठियां व 15957 किलोग्राम लाहन भी बरामद किया है।
पांच जिलों में हुईं गिरफ्तारियां
जिला पुलिस हिसार ने इस दिशा में कार्रवाई करते हुए एक्साइज एक्ट के तहत 145 केस दर्ज किये व 164 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जिला हांसी ने 87 केस दर्ज कर 92 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस जींद ने एक्साईज एक्ट के तहत 215 केस दर्ज कर 232 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस सिरसा ने 74 केस दर्ज कर 82 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वहीं जिला पुलिस फतेहाबाद ने 128 केस दर्ज कर 138 लोगो को गिरफ्तार किया है।
डिमांड व सप्लाई गैप का फायदा उठा रहे तस्कर
आइजी हिसार मंडल ने पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को नकली शराब माफिया एवं शराब तस्करों पर लगाम लगाकर सख्ती बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाजायज शराब बनाने के धंधे में लिप्त लोग लॉकडाउन में डिमांड व सप्लाई गैप का फायदा उठाकर सक्रिय हो जाते हैं। अतः अपनी इंटेलिजेंस सोर्स के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित करे व ऐसे लोगों के खिलाफ तुरंत एवं प्रभावी कार्रवाई करें। एक्साइज विभाग से पत्राचार कर समय- समय पर चेकिंग अभियान चलाया जाए व अधिकृत शराब की दुकानों से भी सैंपलिंग करवाएं। पुलिस मुख्यालय की अनुपालना में 15 दिन तक इस दिशा में स्पेशल अभियान चलाया जाए व प्रगति रिपोर्ट बारे इस कार्यालय को सुचित करे।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें