चरित्र संदेह पर बेटी के सामने पत्नी की हत्या, पति बोला-कलेजा ठंडा हुआ
पत्नी के चरित्र पर संदेेेह होने के चलते पति ने बेटी के सामने ही हत्या कर दी। इसके बाद फरार नहीं हुआ। मृतका की बेटी ने कंट्रोल रूम में कॉल करके पुलिस को सूचित किया।
हिसार/सिरसा, जेएनएन। सिरसा डबवाली के गांव गंगा में पति ने कस्सी मारकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपित पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। वारदात के बाद आरोपित फरार नहीं हुआ बल्कि पानी पीकर बोला कि आज कलेजा ठंडा हो गया है।
मृतका की पहचान पंजाब के जिला मोगा के गांव थिराज निवासी अजीत कौर (45) के रूप में हुई है जो करीब एक साल से पति चंद सिंह और दो बच्चों के साथ गांव में कालुआना रोड किसान मुख्तियार सिंह उर्फ बग्गा के खेत मे बने कोठे में रह रही थी। वारदात को अपनी बेटी सोमा के सामने अंजाम दिया।
बेटी ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चंद सिंह को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि मृतका के चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी विवाहित है जबकि बेटा पंजाब में मजदूरी करता है। एक बेटा और बेटी उसके पास रहते थे। सदर थाना पुलिस ने मृतका के बेटे कर्मजीत निवासी थिराज की शिकायत पर हत्यारोपित पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पहले डराया, फिर सिर पर मारी कस्सी
बेटी सोमा ने बताया कि रात को नौ बजे पिता चंद सिंह घर आया था। उसने शराब पी रखी थी। वह झगड़ा करने लगा। बाद में बैटरी उठाकर इधर उधर घूमता रहा। वह रात भर सोया नहीं। सुबह करीब साढ़े 5 बजे पुन: झगड़ा शुरू हो गया। उसने सामान उठाकर घर छोड़ जाने के लिए कहा। बाद में कस्सी से डराने लगा। पहली बार तो डराया, दूसरी बार कस्सी का पीछा हिस्सा मां के सिर पर मारा। मौके पर ही मां की मौत हो गई।
किसान को फोन कर बोला- मैंने पत्नी को मार डाला
चंद सिंह ने पत्नी की हत्या करने के बाद अपने परिजनों तथा अन्य को कॉल की। पहले गंगा गांव के किसान जय सिंह को कॉल करके बोला - मेरी पत्नी को कुछ हो गया है। बाद में किसान सुखदेव को कॉल कर कहा है मैंने पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पाकर किसान मौका पर पहुंचे। इधर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
वारदात सुबह करीब साढ़े 5 बजे का है। मां को मारने के बाद पिता चंद सिंह ने मुझे कॉल की थी। वह बोला कि तेरी मां को ठिकाने लगा दिया है, आकर इसका अंतिम संस्कार कर देना। मां पर जो लांछन लगाता था, वह बेबुनियाद थे। मेरे पिता ने जो घिनौना काम किया है, उसकी कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
-कर्मजीत सिंह (मृतका का बेटा)
हत्या आरोपित पति चंद सिंह को हिरासत में लिया गया है। आरोपित शराब पीकर घर आया था जिसके बाद दोनों में कलह हुआ। कस्सी के पिछले हिस्से से उसने अजीत कौर के सिर पर वार किया जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे कर्मजीत के बयान पर केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके वारिसों के हवाले कर दिया गया।
- राजिंद्र सिंह मोर, प्रभारी, सदर थाना डबवाली
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें