इंसानियत शर्मसार : चाचा ने किया 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म, सदमें में परिवार
हिसार के अर्बन एस्टेट सेक्टर 9-11 थाना क्षेत्र में 10 साल की बच्ची से उसके रिश्ते में लगने वाले चाचा ने दुष्कर्म किया। बच्ची रोती हुई घर पहुंची और परिवार को घटना के बारे में बताया।
हिसार, जेएनएन। हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ हुई दरिंदगी और हत्या को लेकर देश में बना आक्रोश कम भी नहीं हुआ है कि दुष्कर्म के और भी मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ में तो अपनों ने ही बच्चियों की आबरू लूट ली। ऐसे में समाज किस दिशा की ओर बढ़ रहा है यह बात लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है। रोहतक में एक युवक ने अपनी ही नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म किया तो अब एक और अन्य मामला हिसार में सामने आया है।
जहां शहर के अर्बन एस्टेट सेक्टर 9-11 थाना क्षेत्र में 10 साल की बच्ची से उसके रिश्ते में लगने वाले चाचा ने दुष्कर्म किया। बच्ची रोती हुई घर पहुंची और परिवार को घटना के बारे में बताया। उसको तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की तरफ से बच्ची व उसके परिवार के बयान दर्ज करने के बाद मेडिकल करवाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस को एक बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की सूचना मिली थी। बच्ची उस समय सिविल अस्पताल में भर्ती थी। परिवार के लोगों ने पुलिस के पहुंचने पर बताया कि रिश्ते में लगने वाले आरोपित चाचा ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है।
वह एक ट्रक ड्राइवर है। बच्ची उस समय आरोपित के घर के पास ही खेल रही थी। बच्ची जब घर पहुंची तो परिवार ने उसकी हालत देखकर मामला पूछा तो उसने पूरी बात बताई। परिवार के लोग तुरंत बच्ची को सिविल अस्पताल ले गए और भर्ती करवाया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
रिश्ते के चाचा द्वारा ही ऐसा काम किए जाने को लेकर परिवार के लोग सदमे में है। वहीं दस साल की बच्ची भी घबराई हुई है। परिजनों ने बताया कि चिकित्सकों ने बच्ची की काउंसिलिंग करने की बात कही है। वहीं हम भी बच्ची से लगातार बात कर रहे हैं।