प्रेमिका के भाइयों ने जींद के युवक को भिवानी में मारी गोली, गंभीर हालत में PGI रेफर
गोली लगने के बाद सम्मी जमीन पर गिर पड़ा। जिसे गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सम्मी को रोहतक के PGI रेफर किया गया है।
भिवानी, जेएनएन। हरियाणा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। हांसी भिवानी रोड पर जींद निवासी शम्मी को हिसार निवासी युवकों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। गोली लगने के बाद शम्मी जमीन पर गिर पड़ा। जिसे गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सम्मी को रोहतक के PGI रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
युवक ने बचने का प्रयास भी किया मगर उसे गोली लग गई। चश्मदीदों ने बताया कि शम्मी बाइक पर सवार था और करीब दस से 12 युवकों ने हमला कर दिया। गोली मारने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। वहीं जब घायल अवस्था में युवक शम्मी को अस्पताल ले जाया जा रहा था तो उसने पुलिस को बताया कि हिसार में उसकी प्रेमिका है और उसके भाईयों ने ही मुझ पर हमला किया है। मैं उन्हें पहचानता हूं।
युवक के पेट में गोली मारी गई है और गोली आर पार हो चुकी है। शम्मी बेसुध हालात में है और खून भी काफी बह गया है। प्राथमिक जांच में पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश से जोड़ते हुए घटनास्थल का मुआयना भी किया जहां गोलियों के खोल मिले हैं।
जांच अधिकारी डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के माता-पिता और प्रेमिका को सूचना दी है। वे रोहतक पीजीआई में पहुंच रहे हैं। पहचान के आधार पर और बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और आरोपितों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप