हिसार की उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने संभाला कार्यभार, पहले ही दिन एक्टिव मोड में आईं नजर
हिसार की नवनियुक्त उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विधिवत् रूप से अपना कार्यभार संभाला।
हिसार, जेएनएन। हिसार की नवनियुक्त उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विधिवत् रूप से अपना कार्यभार संभाला। इसके पश्चात उन्होंने लघु सचिवालय भवन में स्थिति विभिन्न विभागों के कार्यालयों का दौरा किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से मुलाकात की। लघु सचिवालय पहुंचने पर एसडीएम कम सीटीएम परमजीत सिंह चहल सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी का स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने डीआरओ कार्यालय, सीटीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, स्ट्रोंग रूम व उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया और वहां कार्य कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा निर्वाह की जा रही जिम्मेदारियों के संबंध में भी जानकारी ली और उन्हें अपना कार्य पूरी ईमानदारी व निष्ठïा के साथ करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना ही प्रशासन का प्रथम दायित्व है और इस कार्य में सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का तत्परता से निर्वहन करें।
उपायुक्त ने जिला में बाढ़ नियंत्रण के लिए चल रहे व प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण किया
हिसार, उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला में बाढ़ नियंत्रण के लिए चल रहे कार्यों एवं नए प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण करने के लिए आज विभिन्न स्थानों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ नियंत्रण के लिए जिला में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और इन कार्यों को तेज गति से पूरा करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने सिंचाई विभाग के सातरोड़-मिरकां ड्रेन के निर्माण कार्य व जनस्वास्थ्य विभाग के बगला रोड पर प्रस्तावित योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कल राज्य तकनीकी परामर्शक कमेटी की 49वीं बैठक में राजस्व वित्तायुक्त तथा हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की 51वीं बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरे प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने सिंचाई विभाग व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी देखरेख में कार्य को पूर्ण करवाएं और इन कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरतें।
सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता आत्मा राम भांभू ने बताया कि सातरोड़-मिरका ड्रेन व डाबड़ा लिंक ड्रेन का कार्य 11.03 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा 14.56 करोड़ रुपये से बगला रोड पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन शिफ्टिंग का कार्य करवाया जाना प्रस्तावित है।