हिसार में स्वाइन फ्लू का कहर: 1 की मौत, 7 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या पहुंची 55 के पार
हिसार में स्वाइन फ्लू के सात नए मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल कुल संक्रमितों की संख्या 55 हो गई है और एक मौत भी दर्ज की गई है।
-1788943413740_m.webp)
किस उम्र के लोगों को स्वाइन फ्लू का ज्यादा खतरा।
HighLights
हिसार में स्वाइन फ्लू के सात नए मामले दर्ज
इस साल कुल 55 मामले, एक मरीज की मौत
मास्क पहनें, समय पर जांच कराएं: स्वास्थ्य विभाग
जागरण संवाददाता, हिसार। जिला में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को भी सात नए मामले सामने आए है। जिसमें एक चिकित्सक से लेकर बुजुर्ग तक शामिल है। छोटे बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
मरीजों का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस साल में मरीजों की संख्या 55 पर पहुंच गई है। स्वाइन फ्लू से एक महिला मरीज की मौत हो चुकी है। जिला मलेरिया विभाग की तरफ से रोजाना 10 से 15 सैंपल लैब में भेजे जा रहे हैं।
एक दिन के बाद सैंपलाें की रिपोर्ट आ रही है। संभावित स्वाइन फ्लू के मरीजों को टैमीफ्लू की दवा दी जा रही है। मरीजों के साथ-साथ उनके स्वजनों को भी दवा दी है। ताकि समय रहते स्वाइन फ्लू से बचा जा सके।
लोगों को दी खास सलाह
जिला मलेरिया अधिकारी और डिप्टी सीएमओ डा. सुभाष खतरेजा ने बताया कि मंगलवार को सात नए स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं। सभी मरीजों और उनके स्वजनों को दवा दे दी हैं।
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू एक संक्रमित बीमारी है जो एक से दूसरे में बड़ी तेजी से फैलती है। ऐसे में खांसी, जुकाम और बुखार होने पर मुंह पर मास्क लगाना चाहिए ताकि दूसरा व्यक्ति संक्रमित न हो।
इसके अलावा समय पर स्वाइन फ्लू की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाया हुआ है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा।
ये मरीज हुए स्वाइन फ्लू संक्रमित
जिला मलेरिया विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर की दयानंद कालोनी निवासी 22 वर्षीय युवक, विद्या नगर में रहने वाली दो साल की बच्ची, नलवा गांव में रहने वाली 11 साल की बच्ची, महाबीर कालोनी में रहने वाला 61 वर्षीय व्यक्ति, गांव बधावड़ निवासी 71 साल का बुजुर्ग, मिलगेट एरिया में रहने वाली 65 साल की महिला, कैमरी रोड निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति और एक निजी अस्पताल के 75 साल के चिकित्सक स्वाइन फ्लू से संक्रमित हुए हैं।
