हरियाणा में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ा, 31 नए मामले आए सामने
हरियाणा में बदलते मौसम के साथ स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ गया है, सोमवार को 31 नए H1N1 मरीज मिले, जिससे कुल संख्या 331 हो गई है।

हरियाणा में बदलते मौसम में स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ गया है।
HighLights
हरियाणा में स्वाइन फ्लू के 31 नए H1N1 मरीज मिले
कुल 331 मरीज, 130 संक्रमित, तीन की मौत अन्य बीमारियों के साथ
स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए परामर्श जारी किया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में बदलते मौसम में स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ गया है। सोमवार को प्रदेश में एच-1एन-1 के 31 नए मरीज मिले। इसके साथ ही अभी तक स्वाइन फ्लू के कुल 331 मरीज मिल चुके हैं।
इनमें 198 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 130 लोग अब भी संक्रमित हैं। इनमें से 68 लोगों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्वाइन फ्लू से ग्रस्त तीन मरीजों की मौत हुई हैं, जिन्हें अन्य बीमारियां भी थी। हिसार, पानीपत और पंचकूला में यह मौतें हुई हैं। फरीदाबाद में स्वाइन फ्लू के सर्वाधिक 81 मरीज मिले हैं, जबकि हिसार में 48, गुरुग्राम में 42 और करनाल में 30 मरीज मिले हैं। इसके अलावा एच-3एन-2 के नौ मरीज मिल चुके हैं।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए परामर्श जारी किया है और लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वाइन फ्लू के लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।
लोगों को हाथ मिलाने अथवा अन्य संपर्क वाले अभिवादन से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने तथा बिना चिकित्सीय सलाह के दवाइयां न लेने की सलाह दी गई है।
