विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

60 साल बाद खुलेगा हिसार का 'गुमनाम' रास्ता, रेलवे स्टेशन से सीधे साउथ बाइपास तक फर्राटा भरेंगे वाहन

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:21 PM (IST)

हिसार में छह दशक से गुम एक पुराने रास्ते को साउथ बाइपास से जोड़ने की उम्मीद जगी है। सरकारी समिति ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और जाम से मुक्ति मिलेगी।

हिसार रेलवे स्टेशन से सीधे साउथ बाइपास तक फर्राटा भरेंगे वाहन (जागरण आर्काइव)

हिसार रेलवे स्टेशन से सीधे साउथ बाइपास तक फर्राटा भरेंगे वाहन (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. पुराने रास्ते को साउथ बाइपास से जोड़ने का प्रस्ताव

  2. सरकारी समिति ने परियोजना पर सकारात्मक रुख दिखाया

  3. हिसार की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद

जागरण संवाददाता, हिसार। समय की धूल में गुम हो चुके पुराने शहर के एक रास्ते को फिर से जीवन देने की उम्मीद अब मजबूत होने लगी है।

हिसार रेलवे स्टेशन से भामाशाह नगर और ब्राह्म महाविद्यालय के सामने से होते हुए शहर की सीमा तक जाने वाले पुराने मार्ग को साउथ बाइपास से जोड़ने के प्रस्ताव पर सरकार की विशेष समिति ने सकारात्मक रुख दिखाया है।

लघु सचिवालय स्थित वीसी सभागार में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस परियोजना पर विस्तार से मंथन हुआ। अधिकांश सदस्यों ने प्रस्ताव पर सहमति जताई, जिसके बाद अब मार्ग को जनता के लिए तैयार करने की दिशा में आगामी औपचारिकताएं शुरू करने की तैयारी है।

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों को जाम मुक्त करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा गठित विशेष समिति की छठी बैठक में पुराने मार्ग को पुनर्जीवित करने का विषय प्रमुखता से उठा।

करीब छह दशक से अतिक्रमण और उपेक्षा के कारण अपनी पहचान खो चुके इस रास्ते को फिर से खोलने की पहल शहर के लिए यातायात राहत की नई उम्मीद बन सकती है। मार्ग के साउथ बाइपास से जुड़ने पर पुराने शहर और दक्षिणी हिस्से के बीच आवागमन अधिक सहज होगा तथा मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

बता दें कि उद्योगपति दिनेश सिंगल ने जब इस मुद्दे पर पत्राचार किया तो दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को समाचार के माध्यम से प्रमुखता से उठाते हुए वर्षों से अतिक्रमण की जद में गुम रेलवे स्टेशन से भामाशाह नगर और ब्राह्म महाविद्यालय के सामने होते हुए शहर की सीमा तक जाने वाले पुराने मार्ग को फिर से खोलने की जरूरत को सामने रखा था। अब इस मुद्दे पर सरकार की विशेष समिति ने भी सकारात्मक रुख दिखाया है।

वर्षों पुराने रास्ते को मिलेगी नई पहचान

रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार से शहर की सीमा तक रेलवे लाइन के समानांतर दर्ज इस सार्वजनिक मार्ग की औसत चौड़ाई करीब 24 फीट बताई गई है।

राजस्व रिकॉर्ड में इसकी मौजूदगी और पूर्व में किए गए प्रयासों के बाद अब सरकारी स्तर पर प्रस्ताव पर सहमति बनने से रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और विकसित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। बैठक में इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पर विचार किया गया।

शहर की यातायात व्यवस्था को मिलेगा विकल्प

इस मार्ग के खुलने से पुराने शहर को साउथ बाइपास तक पहुंचने के लिए एक वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। इससे शहर के भीतर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने, प्रमुख मार्गों पर दबाव कम करने और दक्षिणी हिस्से की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

परियोजना को लेकर सकारात्मक सहमति के बाद अब संबंधित विभागों की ओर से आगामी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।