हिसार में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, 2.70 लाख में बेची गई 16 साल की नाबालिग, 5 लड़कियों का सौदा पहले कर चुका आरोपी
हिसार की 16 वर्षीय छात्रा को बहला-फुसलाकर मध्य प्रदेश में 2.70 लाख रुपये में बेच दिया गया था।

हिसार में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
16 वर्षीय छात्रा को मध्य प्रदेश में बेचा गया
मुख्य आरोपी भगवान सिंह गिरफ्तार, 5 अन्य लड़कियां बेचीं
हिसार पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया
जागरण संवाददाता, हिसार। आजाद नगर थाना क्षेत्र की 9वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद मध्य प्रदेश में 2.70 लाख रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने मामले में लड़कियों की खरीद-फरोख्त करने वाले भगवान सिंह को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले निलेश को गिरफ्तार कर छात्रा को बरामद किया जा चुका है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि भगवान सिंह और निलेश पहले भी पांच अन्य नाबालिग लड़कियों को मध्य प्रदेश में बेच चुके हैं। पूरे मामले में सात से आठ लोगों के संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है।
तीन अप्रैल 2026 को पार्क से गायब हुई थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, मामला 3 अप्रैल 2026 का है। हिसार निवासी 9वीं कक्षा की छात्रा पार्क में खेल रही थी। इसी दौरान एक महिला उसे बहलाकर अपने साथ ले गई। वह महिला छात्रा को किसी दूसरी महिला के पास छोड़कर चली गई।
इसके बाद छात्रा को भगवान सिंह के पास पहुंचाया गया। भगवान सिंह ने भी उसे दो से तीन माह अपने पास रखा। इस तरह छात्रा कई लोगों के संपर्क में आई और बाद में उसे मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी निलेश के पास पहुंचा दिया गया।
फोन मिलने पर छात्रा ने पुलिस से किया संपर्क
छात्रा ने किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन लेकर स्वजन से संपर्क किया था। इसके बाद स्वजन ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी।
पुलिस ने मध्य प्रदेश में कार्रवाई करते हुए जुलाई में निलेश के पास से छात्रा को बरामद कर निलेश को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने भगवान सिंह को उसके गांव सील खेड़ा से गिरफ्तार किया है।
गांव में बताया था रिश्तेदार की बेटी
जांच में सामने आया कि छात्रा को 2.70 लाख रुपये में बेचा गया था। भगवान सिंह गांव में छात्रा को रिश्तेदार की बेटी बताकर रखता था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
आरोप है कि वह इस तरह लड़कियों को अपने पास रखने के बाद उनके विवाह करवाने का काम करता था। निलेश के साथ भी छात्रा का विवाह करवा दिया गया।
मां ने दर्ज करवाया था केस
आजाद नगर थाना में तैनात एसआइ मोना के अनुसार, नाबालिग की मां की शिकायत पर पुलिस ने अप्रैल में पाक्सो एक्ट और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।
दोनों आरोपितों से पूछताछ में पांच अन्य नाबालिग लड़कियों को बेचने की बात सामने आई है। भगवान सिंह की भूमिका लड़कियों को अपने पास रखने और उनके विवाह करवाने में सामने आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।