राजस्थान के साथ हरियाणा भी उगल रहा आग, गर्मी में देश में चौथे स्थान पर हिसार
जागरण संवाददाता हिसार नौतपा में आसमान से आग बरस रही है। हालत ऐसी है कि देश के सबस
जागरण संवाददाता, हिसार : नौतपा में आसमान से आग बरस रही है। हालत ऐसी है कि देश के सबसे गर्म चार शहरों में चौथा स्थान हरियाणा के हिसार का है। यहां दिन का तापमान वीरवार को 42.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि प्रदेश के दूसरे शहरों का तापमान हिसार के आसपास भी नहीं है। इसके साथ राजस्थान के बीकानेर, चूरू और बाड़मेर में हरियाणा से अधिक तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो 29 तक इसी प्रकार से तापमान में बढ़ोतरी संभावित है। इतनी गर्मी में लोगो का बुरा हाल है। लोगों को तरल पेय पदार्थों का सहारा लेना पड़ रहा है। राज्य में 23 मई से ही मौसम खुश्क और गर्म रहा है। हल्की गति से पश्चिमी हवा चलने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हुई। इसलिए सामान्य से दो डिग्री अधिक तापमान दर्ज हुआ।
------------
चक्रवात यास की नमी से होगी बारिश
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में 29 मई तक मौसम आमतौर पर खुश्क व गर्म रहने व तापमान में बढोतरी होने की संभावना है। मगर बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन 'यास' जो 26 मई को उड़ीसा के तटों पर लेंडफाल होकर अब कमजोर हुआ है व डिप्रेशन बन गया है। उस के आंशिक प्रभाव से नमी वाली हवा बिहार उत्तरप्रदेश होते हुए हरियाणा तक 30 मई तक पहुंचने की संभावना है। जिससे राज्य में 30 मई रात्रि को मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इसके साथ एक पश्चिमी विक्षोभ जो अब पाकिस्तान में है उसके आंशिक प्रभाव से राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना से राज्य में 30 मई देर रात्रि से दो जून के बीच-बीच में आंशिक बादल, गरज चमक व हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी संभावित है।
-------------
देश में सबसे गर्म शहर
बीकानेर- 43.8
चूरू- 43.6
बाड़मेर- 43.4
हिसार- 42.9
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।