दिल्ली रोड पर PNG पाइपलाइन बिछाने से 2 सीवरेज क्षतिग्रस्त, 40 हजार से अधिक वाहन चालक डायवर्जन से परेशान
हिसार के दिल्ली रोड पर सेक्टर 9-11 से विद्युतनगर मार्ग पर दो सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे राजेंद्रा एन्क्लेव की निकासी व्यवस्था चरमरा गई है।
-1788683365953_m.webp)
दिल्ली रोड पर दो सीवरेज क्षतिग्रस्त से यातायात डायवर्ट।
HighLights
दिल्ली रोड पर दो सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त, निकासी बाधित।
पीएनजी पाइपलाइन बिछाने से हुआ सीवरेज को नुकसान।
मरम्मत के लिए सड़क खोदी, यातायात डायवर्ट किया गया।
जागरण संवाददाता, हिसार। एक तरफ बारिश का कहर और दूसरी ओर हार्ट आफ सिटी दिल्ली रोड पर अब सीवरेज का संकट लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। सेक्टर 9-11 से विद्युतनगर मार्ग पर बिकानेर मिष्ठान भंडार के पास दो सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त होने से राजेंद्रा एन्क्लेव व उसके आसपास के क्षेत्र की निकासी व्यवस्था चरमरा गई है।
कई दिनों से जाम पड़ी लाइनों ने शुक्रवार को पूरी तरह जवाब दे दिया। इसके बाद रविवार को जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने सड़क की खुदाई कर जांच की तो दोनों सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त और जाम मिलीं।
पीएनजी पाइपलाइन ने बढ़ाई मुश्किल
क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था में आई इस खामी के पीछे पूर्व में बिछाई गई पीएनजी गैस पाइपलाइन को वजह बताया जा रहा है। पार्षद ने बताया कि गैस की लाइन बिछाते समय उसे सीवरेज लाइनों के बीच से गुजारा गया, जिससे दोनों लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं।
अब स्थिति यह है कि राजेंद्रा एन्क्लेव समेत आसपास के क्षेत्रों की सीवरेज लाइन पूरी तरह जाम हो चुकी है।
सड़क बनी कार्यस्थल, एक तरफ का रास्ता बंद
सीवरेज लाइन को दुरुस्त करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली रोड की सड़क खोदकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। काम के चलते सड़क का एक हिस्सा बंद कर यातायात को दूसरी ओर से डायवर्ट किया गया है।
व्यस्त मार्ग होने के कारण इससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर अनुमानित 40 हजार से ज्यादा वाहनों की नियमित आवाजाही रहती है।
पहले भी दब चुके हैं मैनहोल के ढक्कन
दिल्ली रोड का यह हिस्सा सीवरेज समस्या को लेकर पहले भी चर्चा में रहा है। पूर्व में सड़क निर्माण के दौरान बीएंडआर की टीम ने कई सीवरेज मैनहोल के ढक्कन सड़क के नीचे दबा दिए थे।
लंबे प्रयास के बाद इन ढक्कनों को तलाशकर बाहर निकाला गया। अब इसी क्षेत्र में दो सीवरेज लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से पुरानी समस्या ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है।
हाउस में उठती रही आवाज, समाधान का इंतजार रहा
सीवरेज लाइन की सफाई और मेनहोल के ढक्कन दब जाने का मुद्दा क्षेत्रवासियों के साथ पार्षद भी कई बार उठा चुके हैं। पार्षद जगमोहन मित्तल ने नगर निगम हाउस की बैठकों में भी इस समस्या को लेकर आवाज उठाई थी।
इसके बावजूद समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। अब लाइन पूरी तरह जाम होने के बाद विभाग को सड़क खोदकर मरम्मत का काम शुरू करना पड़ा है।
पीएनजी लाइन बिछाए जाने के दौरान दो सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थीं और अब दोनों पूरी तरह जाम हो चुकी हैं।
इस मुद्दे को पहले भी हाउस की बैठक में उठाया गया था, लेकिन जनस्वास्थ्य विभाग के इंजीनियरों ने समय रहते संज्ञान नहीं लिया। समस्या बढ़ने के बाद अब लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया गया है।
यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा की तर्ज पर बढ़ी गोगा महाराज के भक्तों की पैदल आस्था, 300 KM पैदल चलकर हिसार पहुंचे सोहना के श्रद्धालु
