Haryana Weather Update: आज बारिश के साथ हरियाणा में ओलावृष्टि की संभावना, कम होगी गर्मी
पश्चिमी विक्षोभ से आई बारिश ने तापमान को कम करने का काम किया है। इसका प्रभाव अगले एक दो दिन तक रहेगा। कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं तापमान में भी कमी आने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, हिसार। बारिश ने प्रदेश में राहत देने का काम किया है। एक नया पश्चिमी पश्चिमीविक्षोभ 22 मई की देर रात्रि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली व ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। तापमान के चलते हरियाणा में हीट वेव थम गई है।
अगले तीन से चार दिन हीट वेव नहीं चलेंगी। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से आई बारिश ने तापमान को कम करने का काम किया है। इसका प्रभाव अगले एक दो दिन तक रहेगा। कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं तापमान में भी कमी आने की संभावना है।
22 व 23 मई को ज्यादातर क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने की संभावना है । इस दौरान उत्तरी व पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी होने की संभावना है जिससे दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। गौरतलब है कि अभी तक जिन शहरों में दिन का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा था वहां 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सिर्फ यह नहीं बल्कि अगर घंटों के हिसाब से तापमान की स्थिति देखें तो देर सायं बारिश के बाद 25 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया था। वहीं दूसरी ओर प्रदेश में सर्वाधिक तापमान महेंद्रगढ़ के नारनौल में 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बारिश की पिछले कुछ दिनों से काफी जरूरत थी। क्योंकि गर्मी और हीट वेव के कारण इंसान ही नहीं बल्कि पशु भी प्रभावित थे। पशुओं की तो हीट स्ट्रेस के कारण जान तक जा रही थी। हिसार में सायं को चार बजे बारिश शुरू हुई जो पांच बजे तक हुई। इसके बाद भी बारिश से मौसम खुशनुमा रहा।