Haryana Weather Update: हरियाणा में फरवरी में मार्च जैसी गर्मी, ये हैं तीन बड़े कारण, 28 को बदलेगा मौसम
एचएयू के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 27 फरवरी तक खुश्क रहने दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने तथा उत्तर पश्चिमी हवा चलने से रात्रि तापमन में हल्की गिरावट होने की संभावना है। 28 फरवरी से मौसम में बदलाव संभावित है।
हिसार, जेएनएन। हरियाणा में पहले ठंड ने सताया तो अब एक दम से जबरदस्त गर्मी हो गई है। राजस्थान में एंटी साइक्लोनिक सिस्टम बनने से हवा में बार-बार बदलाव हो रहा है। इसके कारण अचानक गर्मी बढ़ गई है। नारनौल और हिसार में माघ के महीने में ज्येष्ठ के महीने जैसा आभास लोगों को अभी से होने लगा है। इतना ही नहीं रात तापमान दिन के मुकाबले काफी कम है। मौसम में इस बदलाव का लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। नारनौल में बुधवार का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 10.8 डिग्री अधिक है।
इतना ही नहीं हिसार में तामपान चढकर 32.4 डिग्री हो गया जो सामान्य से 11.3 डिग्री अधिक है। यहां बता दें कि मंगलवार को नारनौल में तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तापमान ने अपने पिछले वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया था। बुधवार को मंगलवार से भी अधिक तापमान दोनों जिलों में दर्ज किया गया। गुरुवार को भी इसी तरह की स्थिति बनी रही।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 27 फरवरी तक खुश्क रहने, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने तथा उत्तर पश्चिमी हवा चलने से रात्रि तापमन में हल्की गिरावट होने की संभावना है। परंतु पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 28 फरवरी से मौसम में बदलाव संभावित है।
तापमान बढ़ने के यह हैं तीन कारण
- गर्मी बढ़ने के तीन मुख्य कारण हैं इसमें पहला कारण है कि दक्षिणी पश्चिमी और पश्चिमी हवा चलने से तापमान बढ़ रहा है।
- दूसरा कारण है कि पश्चिमी विक्षोभ मैदानी क्षेत्रों में न जाकर पहाड़ों की तरफ जा रहे हैं, उससे हवा में बार-बार बदलाव हो रहा है।
- तीसरा कारण है कि मध्य भारत में पुरवाई हवा अधिक चलने के कारण एंटी साइक्लोनिक सिस्टम राजस्थान के पास बना हुआ है। जिससे बार बार हवा में बदलाव हो रहा है।