Haryana Weather News: हरियाणा में बढ़ने लगा तापमान, इस बार अधिक पसीना छुड़ाएगी गर्मी
हरियाणा में कुछ दिन पहले ही ज्यादातर क्षेत्रों में हवायों व गरजचमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश दर्ज की गई थी। अब राज्य में मौसम 30 मार्च तक आमतौर पर खुश्क रहने व दिन के तापमान में हल्की बढोतरी व रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। हरियाणा में तापमान बढ़ने लगा है। उमस और गर्मी ने अभी से जीना हराम कर दिया है। मौसम विज्ञानियों का भी कहना है कि इस बार सर्दी की तरह ही गर्मी भी ज्यादा पड़ेगी। इससे पहले पश्चिमी विक्षोभ की बारिश ने मौसम सुहाना करने के साथ लाेगों को गर्मी से राहत दी थी। अब फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना मौसम विज्ञानियों ने जता दी है।
पिछले दिनों पांच एमएम बारिश के कारण सर्द हवाएं चली तो लोगों को गर्मी से राहत जरूर नसीब हुई थी। यह बारिश किसानों के लिए काफी अच्छी रही क्योंकि फसल को सिंचाई की आवश्यकता था ऐसे में सिंचाई के लिए बारिश को काफी अच्छा माना जाता रहा है। राजस्थान के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह बारिश हुई थी। जनवरी माह के बाद इतनी बारिश अब देखने को लोगों को मिली है। मगर अब बीते तीन चार दिनों से फिर से तापमान बढ़ने लगा है।
30 मार्च तक मौसम खुश्क रहने की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में विश्विद्यालय द्वारा दिये पूर्वानुमान अनुसार पश्चिमीविक्षोभ व साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 21 मार्च रात्रि से 23 मार्च के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में हवायों व गरजचमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश दर्ज की गई थी। अब राज्य में मौसम 30 मार्च तक आमतौर पर खुश्क रहने व दिन के तापमान में हल्की बढोतरी व रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है।
सरसोें की फसल कटाई पर, गेहूं की फसल पकाई पर
तेज गर्मी के कारण सरसों की फसल हरियाणा में लगभग काटी जा चुकी है और निकलवाई भी जा चुकी है तो वहीं गेहूं और जौ की फसल पकाई पर है। एक सप्ताह के अंदर ही ज्यादातार जिलों में गेहूं की फसल की भी कटाई शुरू होने की उम्मीद है। इस बार मौसम का मिलाजुला असर होने के कारण फसल की पैदावार भी मिली जुली सी ही रही है।