यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गांवों में 100 गज के प्लॉट तो शहरों में 6618 फ्लैट्स... हरियाणा में गरीब परिवारों का अपने घर का सपना जल्द होगा साकार
हरियाणा सरकार ने राज्य के 2 लाख गरीब परिवारों को अपने घर का सपना साकार करने के लिए एक बड़ी ...और पढ़ें

HighLights
- गांवाें में पांच लाख गरीब परिवारों ने मांगें हैं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत प्लॉट
- आठ जिलों में ईडब्ल्यूएस कोटे के 6618 फ्लैट्स का आवंटन जल्द
- जगाधरी में 2000 लाभार्थियों को मकान बनाने के लिए प्लाट पर शीघ्र मिलेगा कब्जा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के गांवों में रहने वाले 2 लाख गरीब परिवारों का अपने घर का सपना जल्द साकार होने वाला है। जमीन से वंचित सभी योग्य प्रार्थियों को प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 100 वर्ग गज के प्लॉट देगी।
इसी तरह मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आठ जिलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 6618 फ्लैट्स का आवंटन जल्द किया जाएगा। यमुनानगर के जगाधरी में 2000 लाभार्थियों को मकान बनाने के लिए शीघ्र ही प्लॉट पर कब्जा दिया जाएगा।
अलग-अलग चरणों में मिलेंगे 100 गज के प्लॉट
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना (CM Gramin Awas Yojana) के तहत प्रदेश में पांच लाख लोगों ने प्लॉट के लिए आवेदन किया है। इन सभी योग्य लाभार्थियों को अलग-अलग चरणों में 100 वर्ग गज के प्लॉट दिए जाएंगे।
हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के महानिदेशक जे. गणेशन ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की फ्लैगशिप योजना है। इसलिए सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को इसका लाभ त्वरित मिल सके।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में 69,325 लोगों के बनाए जाएंगे पक्के मकान, योजना का लाभ लेने के लिए पढ़ें क्या हैं शर्तें?
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उद्देश्य उन गरीब परिवारों को आवास हेतु प्लॉट प्रदान करना है, जिनके पास अपना घर नहीं हैं। योजना के क्रियान्वयन से गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार होगा और वे अपना घर बनाकर सुरक्षित व सम्मानित जीवन जी सकेंगे।
मूलभूत सुविधाओं को भी किया जाएगा पूरा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उच्चाधिकारियों के साथ बैठक में निर्देश दिए हैं कि जहां यह 100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे, वहां शहरों की तर्ज पर सभी बुनियादी सुविधाएं यथा पक्की सड़कें, बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सौर ऊर्जा, पार्क और ओपन ग्रीन स्पेस जैसी सभी भौतिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
प्लॉट दिए जाने के बाद लाभार्थियों को घर बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
शहरों में मकान बनाने के लिए मिलेंगे ढाई लाख रुपये
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत 14 शहरों में जिन लाभार्थियों को प्लॉट आवंटित किए गए है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर मकान बनाने हेतु ढाई लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इन शहरों में लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत विकास कार्यों का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा जल्द ही किया जाएगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा इस काम के लिए अनुमान तैयार किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में 2 लाख परिवारों को जल्द मिलेंगे 100 गज के प्लॉट, CM नायब सैनी का एलान
