हरियाणा में फायर कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कार्रवाई, एक निलंबित दो की सेवाएं समाप्त
हांसी जिले में नगर निकाय और अग्निशमन कर्मचारियों की 28 दिन की हड़ताल के बीच तीन फायर कर्मचारियों पर सरकारी कार्रवाई हुई है।

हांसी में हड़ताली फायर कर्मचारियों पर गिरी गाज, एक निलंबित दो की सेवाएं समाप्त। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
हांसी में 28 दिन से चल रही अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल
एक नियमित फायरमैन निलंबित, दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त
हड़ताली कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटने का अंतिम अल्टीमेटम
जागरण संवाददाता, हांसी। नगर निकाय और अग्निशमन कर्मचारियों की 28 दिन से जारी हड़ताल के बीच सरकारी कार्रवाई की गाज हांसी जिले के तीन अग्निशमन कर्मचारियों पर गिरी है।
इनमें एक नियमित कर्मचारी को निलंबित किया गया है, जबकि पालिका रोल पर कार्यरत दो फायरमैन की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। जिला दमकल अधिकारी सुरेश मान के अनुसार नारनौंद दमकल केंद्र के लीडिंग फायरमैन विनोद कुमार को निलंबित किया गया है।
वहीं, फायरमैन देवेंद्र लोहान और जसबीर श्योकंद की सेवाएं समाप्त की गई हैं। दोनों पालिका रोल पर कार्यरत थे। हड़ताल के दौरान ड्यूटी पर नहीं लौटने के बीच यह कार्रवाई की गई है। हड़ताली कर्मचारियों को गुरुवार सुबह नौ बजे से पहले ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए कहा गया है।
इसके बाद भी काम पर नहीं लौटने की स्थिति में आगे कार्रवाई की बात कही गई है। दूसरी ओर कर्मचारी संगठन निलंबन और सेवा समाप्ति की कार्रवाई वापस लेने तथा मांगों से संबंधित लिखित परिपत्र जारी करने की मांग कर रहा है।
