Move to Jagran APP

Haryana Congress List: रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, सिरसा से शैलजा लड़ेंगी चुनाव; हरियाणा में कांग्रेस के 8 उम्मीदवारों की घोषणा

लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा की नौ में से आठ लोकसभा सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। बेहद चौंकाने वाली इस लिस्ट में भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व सांसद श्रुति चौधरी का टिकट कट गया है। उनके स्थान पर महेंद्रगढ़ के विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह चुनाव लड़ेंगे। करनाल में कांग्रेस ने युवा इकाई प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को टिकट दिया है।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Published: Fri, 26 Apr 2024 12:43 AM (IST)Updated: Fri, 26 Apr 2024 12:43 AM (IST)
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने गुरुवार को हरियाणा के लिए आठ लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

अनुराग अग्रवाल, जागरण, चंडीगढ़। लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा की नौ में से आठ लोकसभा सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। बेहद चौंकाने वाली इस लिस्ट में भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व सांसद श्रुति चौधरी का टिकट कट गया है। उनके स्थान पर महेंद्रगढ़ के विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह चुनाव लड़ेंगे।

loksabha election banner

करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने कांग्रेस ने अपनी पार्टी की युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को टिकट दिया है। दिव्यांशु बुद्धिराजा का नाम बेहद चौंकाने वाला है। किसी को उम्मीद नहीं थी कि पार्टी उनके नाम पर दांव खेल सकती है। रोहतक से राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव लड़ेंगे, जबकि गुरुग्राम में टिकट के विवाद के चलते अभी इस सीट पर उम्मीदवार का फैसला नहीं हो पाया है।

सिरसा से पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा और अंबाला में मुलाना के विधायक वरुण चौधरी को टिकट दिया गया है। हिसार में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी को टिकट मिला है। पिछले दिनों भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया है। बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। पहले बेटे बृजेंद्र सिंह और बाद में पिता बीरेंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल हुए थे, लेकिन उम्मीदवारों की इस लिस्ट में दोनों पिता-पुत्रों तथा उनके समर्थकों को काफी निराशा हुई है।

सोनीपत में कांग्रेस ने सतपाल ब्रह्मचारी और रोहतक में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव लड़ेंगे। दीपेंद्र हुड्डा पिछले दो माह से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान में कई दिनों तक इस बात को लेकर मंथन चलता रहा कि दीपेंद्र हुड्डा को चुनाव लड़वाने से खाली होने वाली राज्यसभा सीट का क्या होगा। यदि दीपेंद्र रोहतक से चुनाव जीतते हैं तो राज्यसभा सीट कांग्रेस के हाथ से चली जाएगी और बहुमत के आधार पर भाजपा का इस सीट पर कब्जा हो जाएगा।

फरीदाबाद से पूर्व राजस्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह को टिकट दिया है। महेंद्र प्रताप सिंह के साथ-साथ पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल की भी इस सीट पर मजबूत दावेदारी थी, लेकिन महेंद्र प्रताप बाजी मार ले गए हैं। हालांकि महेंद्र प्रताप सिंह स्वयं चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे और अपने बेटे विजय प्रताप सिंह को टिकट दिलाने की कोशिश में थे, मगर बात नहीं बनी।

कांग्रेस हाईकमान महेंद्र प्रताप सिंह को ही टिकट देने पर राजी हुई है। गुरुग्राम में फिल्म अभिनेता राज बब्बर और पूर्व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के बीच टिकट के लिए टक्कर चल रही थी। हाल ही में कैप्टन ने राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी और राज बब्बर के टिकट का विरोध किया था, जिसके बाद गुरुग्राम की सीट पर फिलहाल टिकट का फैसला टाल दिया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.