विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के कैडेट ने यूपी में दिखाया अदम्य साहस, आसमान को चीरते हुए 1250 फीट की हाइट से लगाई छलांग

By Amit Goyal Edited By: Sohan Lal
Published: Sat, 28 Nov 2026 05:57 PM (GMT+05:30)

हिसार के आदमपुर कस्बे के कैडेट हर्ष ने आगरा में 1250 फीट की ऊंचाई से पैरा जंप लगाकर अदम्य साहस का परिचय दिया। वह हरियाणा से राष्ट्रीय एनसीसी पैरा बेसिक कोर्स में भाग लेने वाले एकमात्र कैडेट थे।

हर्ष ने 1250 फीट की ऊंचाई से विमान से पैरा जंप लगाया। (सांकेतिक फोटो)

हर्ष ने 1250 फीट की ऊंचाई से विमान से पैरा जंप लगाया। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. कैडेट हर्ष ने 1250 फीट की ऊंचाई से साहसिक पैरा जंप की।

  2. आगरा में राष्ट्रीय एनसीसी पैरा बेसिक कोर्स में भाग लिया।

  3. हरियाणा से एकमात्र कैडेट के रूप में हुआ था चयन।

संवाद सहयोगी, मंडी आदमपुर (हिसार)। हरियाणा के युवा बहादुरी, जोश और जुनून की मिसाल पेश करने में कभी पीछे नहीं हटते। ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है आदमपुर स्थित एफजीएम राजकीय महाविद्यालय के एनसीसी द्वितीय वर्ष के कैडेट हर्ष ने। 

हर्ष का चयन उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित आर्मी एयरबोर्न ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय एनसीसी पैरा बेसिक कोर्स (नंबर-दो) के लिए हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद हर्ष ने 1250 फीट की ऊंचाई से विमान से पैरा जंप लगाकर अपने साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

उन्होंने आसमान को चीरते हुए जब इतनी ऊंचाई से छलांग लगाई तो उनके अदम्य साहस से प्रदेशवासियों का सीना चौड़ा हो गया। इस उपलब्धि की खास बात यह रही कि इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा प्रदेश से हर्ष एकमात्र कैडेट के रूप में चयनित हुए।

दो नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में कैडेट हर्ष ने थ्री हरियाणा बटालियन एनसीसी हिसार का प्रतिनिधित्व किया। शिविर के दौरान देशभर से चयनित कैडेट्स को भारतीय वायुसेना के विशेषज्ञों ने पैरा जंपिंग का गहन प्रशिक्षण दिया। इस दौरान एक विशेष अवसर पर महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स भी कैडेट्स के साथ पैरा जंप में शामिल हुए।

काॅलेज के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट श्याम लाल ने बताया कि थ्री हरियाणा बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुनील कटारिया के मार्गदर्शन और नेतृत्व में बटालियन के कैडेट्स लगातार राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न शिविरों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

काॅलेज के कार्यकारी प्राचार्य डा. आजाद कुमार ने कैडेट हर्ष को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि हर्ष ने अपनी मेहनत, साहस और अनुशासन से पूरे महाविद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।