हरियाणा की 'मुक्कों की मशीनगन' गुंजन, जिनके पंच के आगे पस्त हुए इंग्लैंड, मैक्सिको और अल्जीरिया के दिग्गज बॉक्सर्स
हिसार की 17 वर्षीय गुंजन यादव ने सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

- पहली बार यूथ ओलंपिक में सोना जीतने वाली पहली भारतीय महिला बाक्सर बनी हिसार की गुंजन
HighLights
गुंजन यादव यूथ ओलंपिक में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बॉक्सर
सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में जीता
अल्जीरिया, इंग्लैंड और मैक्सिको के शीर्ष मुक्केबाजों को हराया
जागरण संवाददाता, हिसार। मुक्कों की मशीनगन के नाम से मशहूर हांसी जिले के ढाणा कलां निवासी 17 वर्षीय गुंजन यादव यूथ ओलंपिक में सोना जीतने वाली पहली भारतीय बॉक्सर बनी है।
इस होनहार बॉक्सर ने सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में अपने फाइनल मुकाबले में अल्जीरिया की टाप बॉक्सर बेंसलाह बुथैना को खाता तक खोलने नहीं दिया। गुंजन ने नान स्टाप मुक्कें बरसा-कर अल्जीरिया बॉक्सर को 5-0 चित्त कर दिया।
इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बॉक्सर गुंजन ने इंग्लैंड की बॉक्सर लिली बासेत को 4-1 से शिकस्त दी, जिसके बाद क्वार्टर फाइनल में बॉक्सर गुंजन ने मैक्सिको की एटेना सोफिया जुआरेज कैलेरो को 5-0 से मात देकर पदक पक्का किया। सोना जीतने के बाद बॉक्सर गुंजन को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
इस उपलब्धि पर बॉक्सर गुंजन के स्कूल सेक्टर 15 स्थित सेंट सोफिया स्कूल में खुशी का माहौल है। जिस पर उपरोक्त स्कूल प्राचार्या वर्षा राणा ने होनहार छात्रा को बधाई दी। साथ ही उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अनुशासन और दृढ़ संकल्प से जीता सोना: वर्षा राणा
सेक्टर 15 स्थित सेंट सोफिया स्कूल की प्राचार्या वर्षा राणा ने बताया कि होनहार छात्रा 12वीं कक्षा कला संकाय की छात्रा है। वह पढ़ाई व खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती है।
उन्होंने बताया कि गुंजन यादव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सेंट सोफिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह है। गुंजन ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से स्कूल और पूरे देश का मान बढ़ाया है। प्राचार्या ने कोच विकास लोहान सहित परिवार को भी बधाई दी।