विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा की सुबह में घुली जहरीली हवा, 9 शहरों में आधी रात के बाद AQI 400 पार तक पहुंचा

Published: Tue, 10 Nov 2026 01:38 PM (IST)

हरियाणा में मंगलवार सुबह जहरीली हवा ने चिंता बढ़ाई, नौ शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया।

हरियाणा के 9 शहरों में बिगड़ी हवा (फाइल फोटो)

हरियाणा के 9 शहरों में बिगड़ी हवा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. नौ शहरों में AQI 400 के पार, गंभीर श्रेणी में

  2. मानेसर में 465, गुरुग्राम में 463 AQI दर्ज हुआ

  3. कम हवा गति, तापमान गिरावट प्रदूषण का कारण

जागरण टीम, हिसार। हरियाणा में मंगलवार सुबह जहरीली हवा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के नौ निगरानी केंद्रों पर सोमवार आधी रात के बाद मंगलवार की अलसुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 400 के पार दर्ज किया गया। मानेसर में यह 465 और गुरुग्राम के शहर औसत में 463 रहा।

हिसार में 442, पानीपत में 441 और पलवल में 435 एक्यूआइ दर्ज हुआ। फरीदाबाद, कैथल, भिवानी और बल्लभगढ़ में भी सूचकांक गंभीर श्रेणी में रहा।

बहादुरगढ़ में एक्यूआइ 394 दर्ज किया गया, जबकि कुरुक्षेत्र और रोहतक में यह 378 रहा। हवा की गति कम होने और रात के तापमान में गिरावट से प्रदूषक धरातल के पास जमा हो रहे हैं।

औद्योगिक इकाइयों, वाहनों और धूल से निकलने वाले कणों के कारण स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। रिपोर्ट के अनुसार, हवा की गति कम होने और रात के तापमान में गिरावट से थर्मल इनवर्जन की स्थिति बन रही है।

इससे औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों का धुआं और धूल ऊपर फैलने के बजाय निचली वायुमंडलीय परत में जमा हो रहे हैं। मानेसर, पानीपत और फरीदाबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक है, जबकि हिसार में पीएम 10 का स्तर अधिक दर्ज किया गया है।

एनसीआर में पाबंदियां, निर्माण कार्यों पर रोक

सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, एनसीआर में ग्रेप के तीसरे चरण के तहत बीएस-तीन पेट्रोल और बीएस-चार डीजल के चार पहिया वाहनों पर रोक, गैर जरूरी निर्माण कार्यों को बंद रखने और धूल नियंत्रण के उपाय लागू हैं। सड़कों की वैक्यूम सफाई बढ़ाने और एंटी-स्माग गन से पानी का छिड़काव करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।