हरियाणा कृषि मंत्री जेपी दलाल बोले- भूपेंद्र सिंह हुड्डा का भविष्य रणदीप सिंह सुरजेवाला के हाथ में है
जेपी दलाल ने कहा राहुल गांधी के नेतृत्व में खुद कांग्रेसी ही नाखुश हैं। यही वजह है कि कांग्रेस में अंतरकलह चल रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी घेरते हुए कहा कि हुड्डा के भविष्य का फैसला सुरजेवाला के हाथ में है।
भिवानी, जेएनएन। हरियाणा प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा राहुल गांधी के नेतृत्व में खुद कांग्रेसी ही नाखुश हैं। यही वजह है कि कांग्रेस में अंतरकलह चल रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी घेरते हुए कहा कि हुड्डा के भविष्य का फैसला सुरजेवाला के हाथ में है। उन्होंने इस दौरान भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। किसानों के हित में अनेक योजनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार किसान की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है। जो कोई अधिकारी किसान का हक मारेगा उसे बक्शा नहीं जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि सोनीपत डीएचओ की शिकायत मिली थी उनके खिलाफ एफआइआर करवा कर उसे सस्पेंड किया गया है। शुक्रवार को वे भिवानी में सेक्टर 13 स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे।
मंत्री दलाल ने कहा दक्षिण हरियाणा में अरंड की खेती की अधिक संभावना हैं। इसलिए इस खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को अरंड की खेती के लिए सब्सिडी दी जाएगी। किसान इस खेती को अपनाते हैं तो प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा। बरोदा उप चुनाव में पार्टी की हार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि बरोदा में जातिवाद और क्षेत्रवाद हावी रहा। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस बरोदा चुनाव जीत गई पर कांग्रेस में अंतरकलह चरम पर है। हालात ऐसे हैं कि कांग्रेस खुद भी शीर्ष नेतृत्व से खुश नहीं हैं। इसके बाद कृषि मंत्री जेपी दलाल ने अधिकारियों की बैठक ली ओर उनको जरूरी निर्देश दिए। करवाए जा रहे विकास कार्याें की समीक्षा की।