5 मिनट बचाने को मौत का सफर! हांसी में कहीं डिवाइडर तोड़ा, तो कहीं 300 मीटर रॉन्ग साइड दौड़ रहे वाहन
हांसी में वाहन चालक कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी में गलत दिशा में वाहन चलाकर और अवैध कटों का उपयोग करके अपनी व दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
-1795285540557_m.webp)
पांच मिनट बचाने को मौत का रास्ता, कहीं डिवाइडर तोड़ा तो कहीं 300 मीटर रांग साइड सफर।
HighLights
गीता चौक पर गलत दिशा में वाहन से दो लोगों की मौत।
तोशाम चुंगी पर डिवाइडर तोड़कर बनाया गया अवैध कट।
अक्टूबर में यातायात पुलिस ने 87 रांग साइड चालान किए।
जागरण संवाददाता, हांसी। गीता चौक पर करीब 300 मीटर गलत दिशा में चलते वाहन, तोशाम चुंगी पर डिवाइडर तोड़कर बनाया रास्ता और हिसार चुंगी पर ट्रक के पास से रांग साइड निकलता ट्रैक्टर। शहर की सड़कों पर ये दृश्य बताते हैं कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी किस तरह हादसों को न्योता दे रही है।
गीता चौक पर पिछले वर्ष गलत दिशा में वाहन आने के कारण दो बाइक सवारों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद चालक उसी खतरनाक रास्ते को चुन रहे हैं। यातायात पुलिस ने अक्टूबर में रांग साइड वाहन चलाने के 87 चालान किए, लेकिन सड़क पर नियमों की अनदेखी जारी है।
अवैध कट बंद करवाने के लिए पुलिस ने एनएचएआइ को पत्र लिखा है। पीपला पुल के पास एक कट बंद भी करवाया गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ स्थानों पर दिन में बंद किए रास्ते लोग रात को दोबारा खोल देते हैं। ऐसे में चालान के साथ कटों को स्थायी रूप से बंद करने और उनकी निगरानी की जरूरत सामने आ रही है।
गीता चौक पर भारी वाहनों के सामने से गलत दिशा में सफर
गीता चौक पर वाहन चालक लंबा रास्ता तय करने से बचने के लिए करीब 300 मीटर तक गलत दिशा में आते-जाते दिखाई दिए। इसी दौरान पास से भारी और छोटे वाहन गुजरते रहे। सामने से अचानक वाहन आने पर सही दिशा में चल रहे चालक के लिए भी बचाव मुश्किल हो सकता है। स्थानीय लोगों ने यहां चेतावनी बोर्ड लगाने और नियमित निगरानी की मांग की है।
तोशाम चुंगी पर टूटा डिवाइडर बना रास्ता
तोशाम चुंगी के पास डिवाइडर तोड़कर अवैध कट बनाया गया है। यहां से दोपहिया ही नहीं, अन्य वाहन भी सड़क पार कर रहे हैं। एक पिकअप चालक भी इसी कट से गुजरता दिखाई दिया। अचानक दूसरी दिशा में पहुंचते वाहन सामने से आने वाले चालकों के लिए खतरा बनते हैं। कट खुला रहने से रोजाना नियम तोड़कर निकलने का सिलसिला जारी है।
हिसार चुंगी पर ट्रैक्टर चालक ने बढ़ाया खतरा
हिसार चुंगी पर एक ट्रैक्टर चालक गलत दिशा से आता दिखाई दिया। पास में ट्रक खड़ा था और अन्य वाहनों की आवाजाही भी थी। ट्रैक्टर के इस तरह निकलने से टक्कर का खतरा बना, हालांकि हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी दूरी बचाने के लिए दूसरों की जिंदगी जोखिम में डालना बंद होना चाहिए।
अक्टूबर में कार्रवाई का ब्योरा
यातायात पुलिस ने अक्टूबर में रांग साइड वाहन चलाने पर 87, गलत तरीके से यू-टर्न लेने पर 71 और लेन बदलने के नियमों की अनदेखी पर 1270 चालान किए। पुलिस के अनुसार, रांग साइड चलने वालों पर डेंजरस ड्राइविंग के तहत भी कार्रवाई की जाती है।
कट बंद करने को पत्र, दोबारा खुलने पर निगरानी जरूरी
पुलिस के अनुसार, अवैध कट बंद करवाने और ब्लिंकर लगवाने के लिए संबंधित विभागों को लिखा गया है। कुछ स्थानों पर ब्लिंकर लगे हैं। उपायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली मासिक रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक में भी ये मुद्दे उठाए जाते हैं। हालांकि तोशाम चुंगी का खुला कट और गीता चौक का विपरीत यातायात दिखाता है कि कार्रवाई का असर सड़क पर सुनिश्चित करना अभी बाकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।