विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 माह की बेटी को लेकर हांसी SDM के पास पहुंची महिला, लिव-इन साथी पर घर से निकालने का आरोप

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:03 PM (IST)

मेरठ की इंदु अपनी पांच माह की बेटी के साथ हांसी एसडीएम के पास पहुंचीं, आरोप है कि उनके लिव-इन पार्टनर अमन मलिक ने उन्हें घर से निकाल दिया है। 

पांच माह के बच्चे के साथ एसडीएम ऑफिस पहुंची महिला (फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है)

पांच माह के बच्चे के साथ एसडीएम ऑफिस पहुंची महिला (फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है)

HighLights

  1. महिला ने लिव-इन पार्टनर पर घर से निकालने का आरोप लगाया

  2. एसडीएम ने महिला को हिसार के वन स्टॉप सेंटर भेजा

  3. प्रशासन अब लिव-इन पार्टनर अमन से संपर्क करेगा

जागरण संवाददाता, हांसी। पांच माह की बेटी को गोद में लेकर मेरठ निवासी इंदु बुधवार को एसडीएम राजेश खोथ के पास मदद मांगने पहुंचीं। उन्होंने उमरा निवासी अमन मलिक पर करीब आठ दिन पहले घर से निकालने का आरोप लगाया। महिला का दावा है कि वह अमन के साथ डेढ़ साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं।

उनके अनुसार, अमन पहले सिरसा जिले के एक विधायक के यहां चालक था। शिकायत सुनने के बाद एसडीएम ने महिला को हिसार स्थित वन स्टाप सेंटर भेज दिया।

इंदु ने बताया कि अमन से उनकी पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। वह पहले शादीशुदा थीं और उनका तलाक हो चुका था। उनके अनुसार, दूसरी जगह शादी की बात चल रही थी, लेकिन अमन के कहने पर उन्होंने उसके साथ रहना शुरू कर दिया। इस दौरान बेटी का जन्म हुआ, जो अब पांच माह की है।

महिला का आरोप है कि घर से निकाले जाने के बाद वह बच्ची को लेकर परेशान हैं। वह सदर थाने और पुलिस अधीक्षक के पास भी शिकायत लेकर पहुंचीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने एसडीएम से मदद मांगी। अमन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।

किसी व्यक्ति को भेजकर अमन से बात करेगा प्रशासन

उमरा के सरपंच ने बताया कि उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के कई प्रयास किए हैं। एसडीएम राजेश खोथ ने भी अमन से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हुई।

एसडीएम ने बताया कि महिला को सहायता के लिए वन स्टाप सेंटर भेजा गया है। अब किसी व्यक्ति को अमन के पास भेजकर उससे संपर्क किया जाएगा, ताकि उसका पक्ष भी सामने आ सके और मामले का समाधान हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।