हरियाणा में शादियों की रौनक, हजार रुपये तक खाने की प्लेट; 50000 में फोटोग्राफी, दुल्हन के मेकअप का पैकेज ₹10000
शादी के सीजन में हांसी में कैटरिंग, फोटोग्राफी और अन्य सेवाओं का कारोबार चमक उठा है, लेकिन खर्च भी बढ़ गया है। खाने की प्लेट 1000 रुपये और सामान्य फोटोग्राफी पैकेज 50,000 रुपये से शुरू हो रहा है, जिसमें सिनेमैटिक वीडियो और ड्रोन शूट की मांग भी बढ़ी है।
-1795423283591_m.webp)
हांसी में मौजूद मैरिज पैलेस (जागरण फोटो)
HighLights
कैटरिंग की एक प्लेट का खर्च ₹1000 तक
सामान्य वेडिंग फोटोग्राफी पैकेज ₹50 हजार से शुरू
सिनेमैटिक वीडियो और ड्रोन शूट की मांग बढ़ी
जागरण संवाददाता, हांसी। शादी में मेहमानों की खातिरदारी से लेकर यादों को कैमरे में संजोने तक खर्च बढ़ गया है। कैटरिंग की प्लेट करीब एक हजार रुपये तक पहुंच रही है तो सामान्य वेडिंग फोटोग्राफी का पैकेज 50 हजार रुपये से शुरू है।
देवउठनी एकादशी के साथ विवाह समारोह शुरू होने पर शहर के मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हाल, बैंड-बाजा, डीजे और कैटरिंग कारोबार में रौनक लौट आई है। अगले तीन महीनों की अलग-अलग तारीखों के लिए आयोजन स्थल बुक हो चुके हैं। परिवार अपनी पसंद और बजट के अनुसार सेवाएं तय कर रहे हैं।
मैरिज पैलेस संचालकों के अनुसार सुविधाओं के हिसाब से किराया 20 हजार रुपये से शुरू होकर लाखों तक जाता है। 500 से अधिक मेहमानों वाले समारोहों में भोजन का खर्च बजट का बड़ा हिस्सा बन रहा है।
इसके साथ सजावट, मेकअप और फोटोग्राफी जुड़ने से खर्च बढ़ता है। कारोबारियों के अनुसार दूध, मावा, पनीर, गैस और श्रमिकों की मजदूरी महंगी होने का असर पैकेज पर पड़ा है।
दूसरी ओर, परिवार सिनेमैटिक वीडियो, ड्रोन शूट, विशेष मिठाइयों और थीम के अनुसार सजावट में भी रुचि दिखा रहे हैं। व्यस्त तारीखों पर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पहले से बुकिंग करवाई जा रही है।
बैंड संचालक के पास मार्च तक 150 से 200 ऑर्डर
महाराजा बैंड के संचालक विकास पंवार ने बताया कि विवाह सीजन में बैंड-बाजा और डीजे की बुकिंग के लिए 15 से 20 हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं। नवंबर से मार्च तक करीब 150 से 200 शादियों के आर्डर आ चुके हैं। बग्घी, घोड़ी, लाइट, विंटेज गाड़ी और डबल डेकर डीजे की मांग है। सीजन में काम सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ जाता है।
सिनेमैटिक वीडियो और ड्रोन शूट की बढ़ी मांग
फोटोग्राफी संचालक करन खुराना ने बताया कि सामान्य पैकेज करीब 50 हजार रुपये से शुरू होता है। सिनेमैटिक वीडियो और ड्रोन शूट शामिल करने पर कीमत बढ़ती है।
अलग-अलग कोण से वीडियो बनाने वाला एफपीवी ड्रोन भी पसंद किया जा रहा है। व्यस्त तारीखों के लिए करीब एक महीने पहले बुकिंग करनी पड़ रही है। एक ही दिन कई समारोह होने से कर्मचारियों की उपलब्धता भी चुनौती है।
खास मिठाइयों के साथ 15 से 20 व्यंजन
देशराज हलवाई के संचालक रूपेश ने बताया कि कैटरिंग में प्रति प्लेट करीब एक हजार रुपये तक शुल्क है। इसमें 15 से 20 प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाते हैं।
ग्राहक घीया बर्फी, मिर्च हलवा, स्ट्राबेरी कतली और बादाम हलवा जैसी विशेष मिठाइयां भी बनवा रहे हैं। पिछले साल की तुलना में दूध, मावा और पनीर के साथ मजदूरी तथा गैस का खर्च बढ़ा है।
दस हजार से दुल्हन का मेकअप, सजावट पर भी असर
दुल्हन के मेकअप की फीस करीब 10 हजार रुपये से शुरू होती है। सुविधाओं और पसंद के अनुसार खर्च बढ़ जाता है। फूल महंगे होने से स्टेज और आयोजन स्थल की सजावट का बजट भी बढ़ा है। ग्राहक पारंपरिक सजावट के साथ थीम वेडिंग और आकर्षक स्टेज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।