हरियाणा: हांसी में समाधा मंदिर मार्ग बनेगा स्मार्ट रोड, 7 सेल्फी प्वाइंट से बढ़ेगा आकर्षण
नगर परिषद हांसी समाधा मंदिर से सिसाय पुल तक स्मार्ट रोड बनाने की तैयारी में है, जिसमें रंगीन टाइलें, आकर्षक लाइटिंग, हरियाली और सात सेल्फी प्वाइंट होंगे।

हरियाणा: हांसी में समाधा मंदिर मार्ग बनेगा स्मार्ट रोड (फाइल फोटो)
HighLights
समाधा मंदिर मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।
रंगीन टाइलें, आकर्षक लाइटिंग और सात सेल्फी प्वाइंट बनेंगे।
यह परियोजना हांसी को धार्मिक पर्यटन में नई पहचान देगी।
जागरण संवाददाता, हांसी। शहर के प्राचीन समाधा मंदिर तक जाने वाली सड़क आने वाले समय में केवल मंदिर तक पहुंचने का रास्ता नहीं, बल्कि हांसी की नई पहचान के रूप में नजर आ सकती है।
नगर परिषद ने समाधा मंदिर से सिसाय पुल तक के मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने का खाका तैयार किया है। सड़क पर रंगीन टायलें और आकर्षक लाइटिंग के साथ हरियाली विकसित होगी तो श्रद्धालुओं और राहगीरों के बैठने के लिए बैंच भी लगाए जाएंगे।
खास बात यह है कि पूरे मार्ग पर करीब सात सेल्फी प्वाइंट विकसित करने की योजना है। नगर परिषद ने परियोजना की ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार कर करीब एक सप्ताह पहले मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
समाधा मंदिर में मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पंचम मेले के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। ऐसे में नगर परिषद की योजना मंदिर तक पहुंचने वाले पूरे मार्ग को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने की है। स्मार्ट रोड के डिजाइन में धार्मिक स्थल की पहचान के साथ लोगों की सुविधा को भी शामिल किया गया है।
योजना के तहत सड़क के दोनों ओर उपलब्ध स्थान के अनुसार ग्रीन बेल्ट विकसित करने और लोगों के बैठने के लिए बैंच लगाने का प्रस्ताव है। सड़क किनारे पार्क विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ आसपास के लोगों को भी बैठने और समय बिताने के लिए स्थान मिल सकेगा।
स्मार्ट रोड की शुरुआत को भी अलग पहचान देने की तैयारी है। सिसाय पुल स्थित पुलिस चौकी के पास भव्य प्रवेश द्वार बनाने की योजना है।
इसका अलग एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। प्रवेश द्वार से ही समाधा मंदिर मार्ग की अलग पहचान दिखाई देने लगेगी। हालांकि फिलहाल स्मार्ट रोड परियोजना मंजूरी के चरण में है। मुख्यालय की स्वीकृति मिलने के बाद ही टेंडर और विकास कार्य की प्रक्रिया शुरू होगी।
सात सेल्फी प्वाइंट बढ़ाएंगे आकर्षण
स्मार्ट रोड परियोजना में करीब सात सेल्फी प्वाइंट बनाने की योजना इसे सामान्य सड़क विकास से अलग बनाएगी। इन प्वाइंट को मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में विकसित किया जाएगा।
इसके साथ आकर्षक लाइटिंग, रंगीन टायलें, ग्रीन बेल्ट और बैंच लगाने का प्रस्ताव है। नगर परिषद का प्रयास मार्ग को ऐसा स्वरूप देने का है, जिससे समाधा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल मिले और क्षेत्र धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी आकर्षक बने।
कभी खेत और बागों के बीच था मंदिर, अब शहर का हिस्सा
समाधा मंदिर हांसी के प्राचीन और प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। एक समय मंदिर का क्षेत्र खेतों और बागों के बीच माना जाता था, लेकिन शहर का विस्तार होने के साथ यह क्षेत्र आबादी का हिस्सा बन गया।
प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को यहां श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पंचम मेले के समय हरियाणा के साथ अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु यहां आते हैं। ऐसे में मंदिर तक जाने वाले मार्ग का सौंदर्यीकरण श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बाबा जगन्नाथ पुरी से जुड़ी मंदिर की पहचान
समाधा मंदिर की पहचान बाबा जगन्नाथ पुरी से जुड़ी हुई है। मंदिर से जुड़ी प्रचलित मान्यता के अनुसार बाबा जगन्नाथ पुरी ने लोगों को प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया था। उनकी स्मृतियों से जुड़ा यह स्थान समय के साथ श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया। पंचम मेले में भी उनकी स्मृति में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया- जेई
स्मार्ट रोड परियोजना की ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार कराया गया है। इसे करीब एक सप्ताह पहले मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। -प्रवीन, जेई, नगर परिषद।
