विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हांसी: जाट धर्मशाला के सामने गड्ढों से मिलेगी राहत, पुराने हाईवे पर ब्लॉक बिछाने का काम शुरू

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:19 PM (IST)

हांसी में जाट धर्मशाला के सामने पुराने हाईवे पर गड्ढों से जूझ रहे वाहन चालकों को अब राहत मिलेगी, क्योंकि क्षतिग्रस्त हिस्से में ब्लॉक बिछाने का काम शुरू हो गया है।

जाट धर्मशाला के सामने गड्ढों से मिलेगी राहत।

जाट धर्मशाला के सामने गड्ढों से मिलेगी राहत।

HighLights

  1. जाट धर्मशाला के सामने सड़क मरम्मत कार्य शुरू।

  2. जनस्वास्थ्य विभाग की खोदाई से सड़क हुई थी खराब।

  3. दैनिक जागरण अभियान के बाद प्रशासन ने ली सुध।

जागरण संवाददाता, हांसी। महीनों से गड्ढों के बीच सफर कर रहे वाहन चालकों को जाट धर्मशाला के सामने पुराने हाईवे पर अब राहत मिलेगी। रविवार को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में ब्लॉक बिछाने का काम शुरू कर दिया गया।

दैनिक जागरण के अभियान ‘इन दौड़ती-भागती सड़कों पर... निर्माण, सुविधा और सुरक्षा की समीक्षा’ के तहत लगातार समाचार प्रकाशित कर सड़कों की बदहाली सामने रखी जा रही है। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और गड्ढे भरने तथा मरम्मत का काम शुरू हुआ। निर्माण के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कुछ दूरी तक यातायात डायवर्ट किया है।

इस मार्ग पर कुछ महीने पहले जनस्वास्थ्य विभाग ने जल निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई थी। इसके लिए सड़क की खोदाई की गई थी। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क पहले जैसी नहीं हो सकी। खोदाई वाले हिस्से में गहरे गड्ढे बन गए और आसपास की सड़क भी क्षतिग्रस्त होती गई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई थी।

गड्ढों में पानी भरने पर उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता था। विशेषकर दोपहिया और रिक्शा चालकों को संभलकर निकलना पड़ता था। रात में गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा भी बना रहता था।

मरम्मत नहीं हुई तो रिक्शा चालकों ने उठाई थी जिम्मेदारी

सड़क की बदहाली से परेशान जय हिंद रिक्शा चालक यूनियन के सदस्यों ने खुद गड्ढे भरने की पहल की थी। प्रधान सुनील मौजिका और सचिव अरुण कुमार सहित सदस्यों ने मिट्टी और बजरी डालकर रास्ता चलने लायक बनाने का प्रयास किया था। यूनियन ने संबंधित विभाग से स्थायी मरम्मत की मांग उठाई थी, ताकि रोजाना यहां से गुजरने वालों को परेशानी नहीं हो।

ब्लॉक बिछने से समतल होगा क्षतिग्रस्त हिस्सा

अब क्षतिग्रस्त हिस्से में ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। इससे गड्ढों के बीच से वाहन निकालने की मजबूरी दूर होने की उम्मीद है। काम के लिए यातायात को कुछ दूरी तक दूसरे रास्ते से निकाला जा रहा है। स्थानीय लोगों को मरम्मत पूरी होने का इंतजार है, जिससे पुराने हाईवे पर आवागमन सुगम हो सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।