16.11 करोड़ रुपये से हांसी जंक्शन का होना था कायाकल्प, ठेकेदार के जाने से काम ठप
हांसी रेलवे जंक्शन पर 16.11 करोड़ रुपये की अमृत भारत स्टेशन योजना का पुनर्विकास कार्य ठेकेदार के काम छोड़ने से ठप हो गया है।
junctions-1794293884272_m.webp)
हांसी जंक्शन (फाइल फोटो)
HighLights
हांसी जंक्शन का 16.11 करोड़ का पुनर्विकास कार्य रुका।
ठेकेदार ने सामग्री मूल्य बढ़ने पर काम बीच में छोड़ा।
यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के लिए अब लंबा इंतजार।
जागरण संवाददाता, हांसी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हांसी रेलवे जंक्शन का 16.11 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला पुनर्विकास कार्य ठेकेदार के काम छोड़कर चले जाने के बाद से ठप पड़ा है।
कई महीने बीतने के बावजूद न तो निर्माण दोबारा शुरू हुआ और न ही अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए कोई दूसरा ठेकेदार आया। स्टेशन पर केवल फुटओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा है, जबकि योजना से जुड़े अन्य सभी कार्य रुके हुए हैं।
दैनिक जागरण ने कुछ महीने पहले स्टेशन का निर्माण कार्य बंद होने और ठेकेदार के सामान समेटकर चले जाने का मुद्दा उठाया था। इसके बावजूद स्थिति में कोई विशेष बदलाव नहीं आया। योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास का काम इस वर्ष के अंत तक पूरा किया जाना था, लेकिन मौजूदा स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी होने की संभावना कम दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार पहले काम कर रहा ठेकेदार ईंट, सीमेंट और सरिये सहित निर्माण सामग्री के दाम बढ़ने के कारण टेंडर में नुकसान होने की बात कहकर काम छोड़ गया था। वह निर्माण स्थल से अपना सामान भी समेटकर ले गया। इसके बाद से स्टेशन पर अधूरा पड़ा काम आगे नहीं बढ़ पाया।
स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों का कहना है कि रेलवे को निर्माण में हो रही देरी का कारण स्पष्ट करना चाहिए। परियोजना कब दोबारा शुरू होगी और इसे पूरा करने की नई समय सीमा क्या होगी, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
अधूरे निर्माण से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है और उन्हें आधुनिक सुविधाओं के लिए अब लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
स्टेशन पर विकसित की जानी हैं आधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किए जाने के बाद हांसी जंक्शन को आधुनिक स्वरूप देने की योजना तैयार की गई थी। इसके तहत स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और पुराने ढांचे में सुधार किया जाना है। फरवरी 2024 में पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी गई थी।
निर्माण शुरू होने पर लोगों को उम्मीद थी कि वर्षों पुराने स्टेशन की तस्वीर जल्द बदलेगी। ठेकेदार के बीच में काम छोड़ने के कारण अब योजना लगातार पिछड़ रही है। रेलवे की ओर से अधूरा काम दोबारा शुरू करवाने की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं की गई है।
20 से अधिक गांवों के यात्रियों का प्रमुख केंद्र
हांसी रेलवे जंक्शन आसपास के 20 से अधिक गांवों के लोगों के लिए प्रमुख रेल संपर्क केंद्र है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री सफर करते हैं और करीब 50 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है।
स्टेशन से दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब के लिए रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में पुनर्विकास कार्य में हो रही देरी का असर बड़ी संख्या में यात्रियों पर पड़ रहा है। निर्माण के कारण स्टेशन पर यात्रियों को असुविधा भी उठानी पड़ रही है। काम पूरा होने के बाद बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब परियोजना की समय सीमा लगातार आगे बढ़ रही है।
वर्ष 1884 में बना था हांसी रेलवे जंक्शन
हांसी रेलवे जंक्शन का निर्माण वर्ष 1884 में हुआ था। ऐतिहासिक स्टेशन होने के बावजूद लंबे समय से यहां आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल होने के बाद इसके कायाकल्प की उम्मीद जगी थी। करीब 140 वर्ष पुराने स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र की रेल सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब स्थानीय लोगों और यात्रियों की नजर रेलवे पर टिकी है कि अधूरा पुनर्विकास कार्य कब दोबारा शुरू करवाया जाएगा। फिलहाल फुटओवर ब्रिज का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन बाकी निर्माण पूरी तरह बंद पड़ा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।