विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हांसी जंक्शन का अधूरा रेलवे भवन बना नशेड़ियों का ठिकाना, 16 करोड़ रुपये का काम अटका; यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:32 AM (IST)

हांसी रेलवे जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बन रहा 16.11 करोड़ का भवन ठेकेदार द्वारा काम छोड़ने से अधूरा पड़ा है।

हरियाणा के हांसी रेलवे स्टेशन का फोटो

हरियाणा के हांसी रेलवे स्टेशन का फोटो

HighLights

  1. हांसी जंक्शन पर 16.11 करोड़ का रेलवे भवन अधूरा

  2. ठेकेदार काम छोड़ गया, इमारत नशेड़ियों का अड्डा बनी

  3. यात्रियों की सुरक्षा खतरे में, रात में संदिग्धों की आवाजाही

जागरण संवाददाता, हांसी। हांसी रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बन रहा भवन अब नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 16.11 करोड़ रुपये की पुनर्विकास परियोजना में शामिल इस इमारत का काम ठेकेदार बीच में छोड़कर चला गया था।

महीनों से निर्माण बंद है और अधूरे कमरों तक आने-जाने के रास्ते खुले हैं। बुधवार को दैनिक जागरण की टीम ने भवन के अंदर जाकर देखा तो कई कमरों और हाल में शराब की खाली बोतलें, सिगरेट की डिब्बियां, नशीले पदार्थों के खाली रैपर और प्लास्टिक बिखरा पड़ा था। इसी इमारत के सामने रात में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ट्रेन का इंतजार करते हैं।

रात होते ही निर्माणाधीन भवन के कमरों और हाल में अंधेरा छा जाता है। यात्रियों के बैठने की जगह के ठीक पीछे इन कमरों में संदिग्ध लोगों की आवाजाही ने स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिक अस्पताल के कंडम क्वार्टरों में भी ऐसी समस्या सामने आ चुकी है।

अब जंक्शन की अधूरी इमारत में भी यही स्थिति है। स्टेशन पर फिलहाल फुटओवर ब्रिज का काम चल रहा है। योजना से जुड़े बाकी कार्य बंद पड़े हैं और अधूरा काम पूरा करने के लिए कोई दूसरा ठेकेदार भी नहीं आया है।

निर्माण शुरू होने तक खुले रास्ते बंद करने की जरूरत

अधूरे भवन तक पहुंच खुली होने से रात में कोई भी कमरों और हाल के भीतर जा सकता है। अंदर अंधेरा होने से वहां की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं देतीं। यात्रियों की आवाजाही वाले परिसर में इस हिस्से की सुरक्षा का इंतजाम निर्माण दोबारा शुरू होने तक भी जरूरी है।

भवन के खुले प्रवेश मार्ग बंद करने और रात में निगरानी की व्यवस्था से इस जगह का नशे के लिए इस्तेमाल रोकने में मदद मिलेगी। यात्रियों के बैठने की जगह से इमारत की नजदीकी को देखते हुए इस पर जल्द ध्यान देने की जरूरत है।

फरवरी 2024 में रखी थी आधारशिला, अब नई समयसीमा का इंतजार

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हांसी जंक्शन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने और पुराने ढांचे में सुधार की योजना तैयार की गई थी। फरवरी 2024 में पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी गई।

निर्माण शुरू होने पर लोगों को उम्मीद थी कि स्टेशन पर जल्द बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ठेकेदार के बीच में काम छोड़ने से परियोजना पिछड़ गई। स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों ने रेलवे से देरी का कारण स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाकी काम दोबारा कब शुरू होगा और इसे पूरा करने की नई समयसीमा क्या होगी, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

1884 में बना था हांसी का रेलवे स्टेशन

हांसी रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1884 में हुआ था। करीब 140 वर्ष पुराने स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल होने के बाद इसके कायाकल्प की उम्मीद जगी थी। फिलहाल फुटओवर ब्रिज का निर्माण आगे बढ़ रहा है, जबकि भवन समेत पुनर्विकास के बाकी काम अटके हैं। इन कामों को दोबारा शुरू कराने की स्थिति रेलवे की ओर से अभी स्पष्ट नहीं की गई है। यात्रियों को नई सुविधाओं के साथ रात में सुरक्षित ढंग से ट्रेन का इंतजार करने के इंतजाम की भी दरकार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।