विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: हांसी नागरिक अस्पताल की बदलेगी तस्वीर, 113 करोड़ की लागत से बनेगा 100 बेड वाला नया भवन

Published: Tue, 17 Nov 2026 12:50 PM (IST)

हांसी के नागरिक अस्पताल को 100 बेड का बनाने के लिए 113 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला नया ...और पढ़ें

हांसी का नागरिक अस्पताल (जागरण आर्काइव)

हांसी का नागरिक अस्पताल (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. हांसी नागरिक अस्पताल को मिलेगा 100 बेड का नया भवन

  2. 113 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला इमारत बनेगी

  3. बेसमेंट पार्किंग सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल

जागरण संवाददाता, हांसी। नागरिक अस्पताल को 100 बेड का बनाने की मंजूरी के बाद अब उसके लिए नया भवन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

अस्पताल प्रशासन ने करीब 113 करोड़ रुपये का एस्टीमेट लोक निर्माण विभाग की भवन एवं सड़क शाखा (बीएंडआर) को भेजा है। प्रस्ताव में बेसमेंट सहित छह मंजिला भवन बनाया जाना है।

बेसमेंट में वाहन खड़े करने की व्यवस्था रहेगी। नए भवन में अस्पताल के विभिन्न विभागों को अलग-अलग जगह देने की योजना है, ताकि मरीजों के लिए उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

अस्पताल को 100 बेड का दर्जा देने की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन मरीजों को फिलहाल बढ़े हुए बेड की सुविधा नहीं मिली है। निर्माण का नक्शा भी अभी अंतिम रूप में तैयार नहीं हुआ है।

भवन पर होने वाले खर्च का एस्टीमेट मंजूरी के लिए आगे भेजा गया है। तकनीकी जांच और बजट की मंजूरी के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। निर्माण का कार्यादेश जारी होने के बाद ही मौके पर काम शुरू हो सकेगा।

इस बीच मरीजों का उपचार मौजूदा भवन में ही चल रहा है। वहां पुराने कमरों और उन हिस्सों की मरम्मत की जा रही है, जिनका इस्तेमाल रोजाना मरीज और अस्पताल कर्मचारी करते हैं।

1979 में शुरू हुआ था 60 बेड वाले भवन का निर्माण

नागरिक अस्पताल के पुराने भवन का निर्माण 11 मार्च 1979 को तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने शुरू करवाया था। करीब 45 साल पुराने इस दो मंजिला भवन को 60 बेड के अस्पताल के लिए बनाया गया था। वर्ष 2012 में यहां रंगरोगन और मरम्मत कराई गई थी।

इसके बाद करीब 12 साल तक भवन की मरम्मत नहीं हुई। अब इसी इमारत में ओपीडी और इमरजेंसी समेत अस्पताल की मौजूदा सेवाएं चल रही हैं।

पुराने भवन में टूटे फर्श बदल रहे, ओपीडी और इमरजेंसी की भी होगी मरम्मत

करीब एक साल पहले पुराने भवन की हालत सुधारने के लिए 4.61 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिली थी। इसके तहत टूटे फर्श बदले जा रहे हैं और सीलन वाली दीवारें ठीक की जा रही हैं।

खराब खिड़कियां, दरवाजे और चौखट भी बदली जा रही हैं। मरम्मत में शौचालयों के साथ ओपीडी और इमरजेंसी कक्षों की हालत सुधारने का काम शामिल है।

बीएंडआर ने एस्टीमेट अप्रूव्ल के लिए मुख्यालय भेजा है। जिसमें बेसमेंट पार्किंग के साथ छह मंजिला भवन का निर्माण शामिल है। भवन बनने से मरीजों की जरूरत के अनुसार अस्पताल की सुविधाएं बढ़ाने के लिए जगह मिल सकेगी। -डॉक्टर राहुल बुद्धिराजा, सिविल सर्जन, हांसी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।