गनमैन की सिर में गोली मार कर हत्या, शव नहर में फेंका, चार दिन बाद मिला
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करवाया मामला दर्ज। मृतक की पत्नी ने लगाया नौकरी देने वाले दोनों मालिकों सहित उनके दोस्तों पर हत्या का आरोप
हिसार, जेएनएन। सातरोड कलां में गनमैन की नौकरी कर रहे 30 वर्षीय मेहंदा निवासी सुनील कुमार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। शव चार दिन बाद बुधवार को नहर में मिला। सुनील सातरोड कलां निवासी सुमित और जयबीर का गनमैन था। मृतक की पत्नी मोनिका ने नौकरी देने वाले सुमित और जयबीर के अलावा उनके दो दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार सुनील कुमार गनमैन की नौकरी करता था। उसने गनमैन बनने के लिए पिस्तौल का लाइसेंस भी बनवाया हुआ था। मेहंदा गांव में सातरोड कलां निवासी सुमित और जयबीर की ननिहाल होने के कारण आना जाना था। गांव आने जाने के बाद दो माह पहले दोनों सुनील के पास आए और उसको अपने पास गनमैन रख लिया। उसको वह 15 हजार रुपये माह तनख्वाह देने लगे।
नौकरी पर रखने के बाद सुनील चार से पांच दिन बाद ही घर पर आता-जाता था। 13 फरवरी को सुनील अपने घर गया और अगले दिन वापस सातरोड चला गया। मोनिका ने पुलिस को बताया कि जब उसकी बात हुई उसके पति सुनील आरोपितों के साथ उचाना के सूरबर गांव में शादी समारोह में गए हुए थे। परिवार को लगता है कि वहीं पर उसके साथ विवाद हुआ होगा।
मोनिका ने पुलिस को कहा कि 14 फरवरी को सुनील का फोन बंद आने लगा। परिवार बार-बार फोन मिलाते रहे। कोई रिस्पांस नहीं मिलने और जानकारी हासिल नहीं होने पर ङ्क्षचतित परिवार के सदस्य सातरोड सुमित के घर पर गए। उस दौरान आरोपित सुमित की मां और दोनों आरोपितों की पत्नियों ने सुनील की गोली मारकर हत्या करने की बात कही। आरोपितों के परिवार ने बताया कि सुमित और जयबीर के अलावा हत्या करने में मनोज और नारनौंद निवासी अजय गौतम का भी हाथ है।
सुनील की हत्या कर चारों ने शव को नहर में फेंक दिया है। इसके बाद पीडि़त के परिजनों ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने उसी समय हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की लेकिन शव का पता नहीं चला। बुधवार दोपहर को किसी व्यक्ति ने नहर में शव होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकाला तो वह चादर में बंधा हुआ था। शव की पहचान सुनील के रूप में हुई।
---मृतक की पत्नी ने जिन पर आरोप लगाया है उनके पास ही सुनील गनमैन था। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
-मनोज कुमार, एसएचओ, सदर थाना प्रभारी