रोहतक में युवक को गोली मारी, लॉकडाउन के बावजूद पुलिस की गिरफ्त से बाहर आरोपित
परिवार के ही एक व्यक्ति पर है गोली मारने का आरोप। मामूली कहासुनी होने पर दिया वारदात को अंजाम केस दर्ज। आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर
सांपला/रोहतक, जेएनएन। देशभर में लॉकडाउन है। लोगों को घरों से बाहर निकलने तक की आजादी नहीं है। देशभर में आपराधिक वारदातें न के बराबर रह गई हैं। मगर इस तरह के हालातों के बीच भी कुछ लोग आपराधिक वारदात कर रहे हैं। रोहतक के सांपला क्षेत्र के भैसरू खुर्द गांव में मामूली कहासुनी होने पर युवक को घर में घुसकर गोली मार दी गई। घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भैसरू खुर्द गांव निवासी संजय खेतीबाड़ी का काम करता है। शनिवार को वह अपने घर में बैठा था। वहां पर गांव का ही सुरेश भी बैठा था। इसी दौरान परिवार का ही नवीन वहां पर आया। नवीन के साथ संजय की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उस समय तो मामला शांत हो गया और नवीन वहां से चला गया।
आरोप है कि देर रात नवीन फिर से वापस आया और गाली-गलौच करने लगा। संजय और सुरेश ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन नवीन ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। जो संजय के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपित धमकी देता हुए वहां से फरार हो गया।
घायल को आनन-फानन में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सांपला थाना पुलिस मौके पर ही पहुंची। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सांपला थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्दी ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा। वहीं सवाल ये भी है कि लॉकडाउन में आखिर आरोपित कहां भाग सकता है। पुलिस अभी तक आरोपित को पकड़ क्यों नहीं पाई है। मामूली कहासुनी को लेकर गोली चलाने को लेकर गांव में भी ये चर्चा का विषय बना हुआ है।