दूल्हा मुस्लिम, नाम हिंदू... मुस्लिम बहनों के निकाह कार्ड पर मचा बवाल; धमकी के बाद पुलिस छावनी में बदला मैरिज हॉल
निकाह के निमंत्रण कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम होने से विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद मैरिज हॉल मालिक को धमकी मिली। पुलिस ने सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
-1794419445077_m.webp)
मुस्लिम बहनों के निकाह कार्ड पर मचा बवाल। फाइल फोटो
HighLights
निकाह कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम पर विवाद।
मैरिज हॉल मालिक को मिली शादी रोकने की धमकी।
राइन समुदाय में हिंदू नाम रखने की पुरानी परंपरा।
जागरण टीम, सहारनपुर/जींद/हिसार। निकाह के निमंत्रण कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इंटरनेट मीडिया पर कार्ड प्रसारित होने के बाद कुछ लोगों ने इस पर सवाल उठाने के साथ ही निकाह रुकवाने की धमकी भी दी, जिससे निकाह की तैयारियों में भी रुकावट की आशंका जताई जा रही है।
आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शादी समारोह के लिए बुक किए मैरिज हाल के मालिक को फोन कर निकाह नहीं कराने की धमकी दी। साथ ही हिंदू संगठनों को बुलाकर हंगामा कराने की बात भी कही गई।
इससे परेशान दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर निकाह शांतिपूर्वक कराने के लिए सुरक्षा की मांग की है। गंगोह के मुहल्ला अनारकली सैय्यदान निवासी मोहम्मद जमील की दो बेटियों का निकाह 12 नवंबर को होना तय है।
लोगों ने जताई आपत्ति
निकाह के लिए छपवाया गया निमंत्रण कार्ड इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। कार्ड पर दूल्हों के नाम संजय पुत्र चंद्रभान गांव ढाण्डाखेड़ी, जींद और अनिल पुत्र दीनानाथ निवासी सातरोड खास, हिसार छपा है। दूल्हों के नाम हिंदू होने के कारण कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया।
हालांकि, दोनों बहनों का कहना है कि दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं। दूल्हे मुस्लिमों की जाति राइन से हैं, इस जाति में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। इस घटना के बाद स्वजन की चिंता बढ़ गई है। शादी की तैयारियों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
पुलिस से मांगी सुरक्षा
स्वजन चाहते हैं कि निकाह निर्धारित तिथि पर बिना किसी बाधा और विवाद के संपन्न हो। दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराते हुए शिकायत भी दी। आशंका जताई कि निकाह के दौरान कोई अप्रिय स्थिति पैदा की जा सकती है। ऐसे में शादी समारोह के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई थी। इसको लेकर जांच करवाई गई है। मामला सही मिला है। दोनों दूल्हे मुस्लिम परिवार से हैं, लेकिन उनके नाम हिंदू हैं। 12 नवंबर को दोनों बहनों की शादी में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
राइन समुदाय में हिंदू नाम रखने की परंपरा हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में मुस्लिमों की राइन (रायीन)/अराइन जाति के परिवार रहते हैं जिनके नाम पारंपरिक रूप से हिंदुओं जैसे होते हैं।
हालांकि अंतिम संस्कार जैसी मुख्य रस्में मुस्लिम रीति-रिवाज से करते हैं। यह समुदाय मूल रूप से कृषि और बागवानी से जुड़ा है। इस समुदाय में हिंदू, मुस्लिम और सिख तीनों धर्मों को मानने वाले लोग पाए जाते हैं।
वर पक्ष बोला- दादा-पिता का नाम भी हिंदू
हिसार के सातरोड खास निवासी वर पक्ष के वीरू ने बताया कि उनका परिवार शुरू से ही हिंदू बाहुल्य गांव में रह रहा है। उनके सामने भी मुस्लिम और हिंदू नामों को लेकर विवाद आया था। दुल्हन पक्ष को सभी बातें स्पष्ट कर दी गई थीं।
वीरू के अनुसार, उनके दादा से पिता तक के नाम हिंदू हैं। भाई दीनानाथ के एक अन्य बेटे और बेटी के नाम भी हिंदू हैं। परिवार में मुस्लिम नाम रखने की कोई बाध्यता नहीं है। वे हिंदू गांव के अनुरूप नाम रखते हैं। उनके भाई दीनानाथ का निधन हो चुका है और उनके भतीजे अनिल की शादी है।
विभाजन के बाद रखे जाने लगे हिंदू नाम
ढांडा खेड़ी के रहने वाले संजय सुन्नी समुदाय से हैं। संजय के चचेरे भाई फैज मोहम्मद ने बताया कि गांव में 30 मुस्लिम परिवार हैं। विभाजन के बाद गांव में मुस्लिम परिवारों में हिंदुओं के नाम रखे जाने लगे थे। संजय के पिता का नाम चंद्रभान और मां का नाम भतेरी है।
संजय की शादी रमशा से होगी। रमशा की बड़ी बहन सलमा फैज मोहम्मद के भाई अजीत की पत्नी है। रमशा की बुआ भी उनके ही परिवार में विवाहित है। फैज ने बेटे का नाम साहिल रखा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।