कृषि कानूनों के विरोध में आज प्रदेश की अनाज मंडियों में हड़ताल: बजरंग गर्ग
सरकार ने किसानों की मांग नहीं मानी तो व्यापार मंडल हरियाणा बंद करके सड़कों पर उतरे
सरकार ने किसानों की मांग नहीं मानी तो व्यापार मंडल हरियाणा बंद करके सड़कों पर उतरेगा:बजरंग गर्ग
जागरण संवाददाता, हिसार : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने किसान व व्यापारी प्रतिनिधियों से बातचीत करने के उपरांत कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में बुधवार को प्रदेश की सभी अनाज मंडियों में हड़ताल रखी गई है। प्रदेश का व्यापारी पूरी तरह किसानों के साथ है। गर्ग ने कहा कि किसान नेताओं ने कृषि कानून बनाने की कभी बात नहीं की। केंद्र सरकार द्वारा बिना किसान नेताओं से बातचीत किए कोरोना महामारी में जल्दबाजी में तीन कृषि कानून को थोपना किसान, आढ़ती व मजदूरों को बर्बाद करने की साजिश है। गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने मन की बात सुनने के बजाय किसान, आढ़ती व मजदूरों की मन की बात सुनते हुए तीन कृषि कानूनों को तुरंत प्रभाव से वापिस लेना चाहिए। अगर सरकार ने किसानों की मांगें नहीं मानी तो व्यापार मंडल हरियाणा बंद करके सड़कों पर उतरेगा। किसानों की आवाज केंद्र व हरियाणा सरकार लाठी व डंडों से दबाना चाहती है मगर किसान, आढ़ती व मजदूर झूठे केसों व लाठी-डंडों से डरने वाले नहीं है। जब तक केंद्र सरकार कानून वापिस नहीं लेती, तब तक केंद्र व प्रदेश में किसान, आढ़ती और मजदूरों का आंदोलन जारी रहेगा।