गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी में मनुस्मृति पढ़ेंगे छात्र, MA संस्कृत के सिलेबस में शामिल; DASFI ने जताया विरोध
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार के एमए संस्कृत पाठ्यक्रम में मनुस्मृति को शामिल करने पर विवाद खड़ा हो गया है।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय हिसार (जागरण आर्काइव)
HighLights
जीजेयू एमए संस्कृत पाठ्यक्रम में मनुस्मृति शामिल
डीएएसएफआई ने जातिगत भेदभाव पर विरोध जताया
संगठन ने पाठ्यक्रम समीक्षा और आंदोलन की चेतावनी दी
जागरण संवाददाता, हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के एमए संस्कृत प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रम में मनुस्मृति को शामिल किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है।
विश्वविद्यालय के सत्र 2025-26 से लागू पाठ्यक्रम के अनुसार मनुस्मृति को धर्मशास्त्रम् नाम के 100 अंकों के अनिवार्य पेपर में शामिल किया गया है।
इसमें मनुस्मृति का प्रथम अध्याय कुल्लूकभट्ट टीका सहित पढ़ाया जाएगा। इसको लेकर छात्र संगठन डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट फ्रंट ऑफ इंडिया ने विरोध जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से पाठ्यक्रम की समीक्षा करने की मांग की है।
इंटरनल परीक्षा के 30 अंक
विश्वविद्यालय के एमए संस्कृत प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रम में धर्मशास्त्रम् पेपर है। इस पेपर के चार क्रेडिट निर्धारित हैं। इसमें 30 अंक आंतरिक और 70 अंक बाह्य परीक्षा के लिए तय किए गए हैं।
मनुस्मृति के अलावा इसमें याज्ञवल्क्यस्मृति के दायभाग प्रकरण को मिताक्षरा टीका सहित तथा पीवी काणे के धर्मशास्त्र का इतिहास के प्रथम भाग को भी शामिल किया गया है।
इसमें धर्म का अर्थ एवं उपादान, पांच धर्मसूत्रों का परिचय, वर्ण, आश्रम, विवाह और अन्य संस्कारों का अध्ययन कराया जाएगा।
डीएएसएफआई के प्रधान वीरभान रतेरा ने कहा कि मनुस्मृति में जाति आधारित भेदभाव और महिलाओं की अधीनता से जुड़े प्रावधानों की लंबे समय से आलोचना होती रही है।
ऐसे ग्रंथ को विश्वविद्यालय में पढ़ाने से पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि विद्यार्थियों को इसे किस अकादमिक और आलोचनात्मक दृष्टिकोण से पढ़ाया जाएगा। संगठन ने कहा कि ऐतिहासिक ग्रंथों का अध्ययन अलग विषय है, लेकिन उनमें मौजूद असमानता से जुड़े विचारों का महिमामंडन नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने 25 दिसंबर 1927 को महाड़ में मनुस्मृति का दहन किया था। उन्होंने इसे सामाजिक अन्याय और जातिगत भेदभाव का प्रतीक माना था। ऐसे में विश्वविद्यालय में इसे पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पाठ्यक्रम सार्वजनिक करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
डीएएसएफआई ने मनुस्मृति से जुड़े पेपर की समीक्षा करने, पूरा पाठ्यक्रम और अनुशंसित अध्ययन सामग्री सार्वजनिक करने तथा यह स्पष्ट करने की मांग की है कि जाति और लैंगिक असमानता से जुड़े विषयों को किस आलोचनात्मक संदर्भ में पढ़ाया जाएगा। संगठन ने पाठ्यक्रम तैयार करने वाली समिति और उसकी अकादमिक प्रक्रिया का विवरण भी सार्वजनिक करने को कहा है।
संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर विश्वविद्यालय परिसर में मनुस्मृति की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। कहा कि विश्वविद्यालय में संविधान के न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों पर आधारित शिक्षा का वातावरण होना चाहिए।