हाकी में फिर बढ़ाया मान, सीनियर नेशनल कैंप में देशभर की 60 में से 20 बेटी हरियाणा से चयनित
सीनियर महिला हाकी नेशनल कोचिंग कैंप में देशभर से चुनी गई बेस्ट 60 हाकी खिलाड़ियों में से 20 खिलाड़ी हरियाणा प्रदेश से चयनित है। इन खिलाड़ियों का 12 जनवरी को ट्रायल होगा। जिसमें से बेस्ट 33 चुनी जाएंगी।
पवन सिरोवा, हिसार : बेटियों ने हाकी खेल में हरियाणा प्रदेश का मान बढ़ाया है। बैंगलुरु में 27 दिसंबर से आयोजित सीनियर महिला हाकी नेशनल कोचिंग कैंप में देशभर से चुनी गई बेस्ट 60 हाकी खिलाड़ियों में से 20 खिलाड़ी हरियाणा प्रदेश से चयनित है। इन खिलाड़ियों का 12 जनवरी को ट्रायल होगा। जिसमें से बेस्ट 33 चुनी जाएंगी। जिन्हें भारतीय टीम चयन कैंप में प्रशिक्षण देकर उन्हीं में से भारतीय महिला हाकी टीम चयनित होगी। ऐसे में सीनियर नेशनल कैंप में अब प्रदेश की हाकी का जादू देखने का मिलेगा।
झांसी में हुई नेशनल चैंपियनशिप में प्रदर्शन के बाद इन खिलाड़ियों को चुना
भारतीय टीम में खेल चुकी खिलाड़ियों के अलावा नई उभरती खेल प्रतिभाओं का चयन साल 2021 में ही झांसी में हुई नेशनल हाकी चैंपियनशिप में बेहतर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में से भी नेशनल कैंप के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ऐसे में नेशनल कैंप में कई नए चेहरे नजर आएंगे। जो बेस्ट 33 के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
प्रदेश की ये है 20 खिलाड़ी जो हुई है चयनित
सविता, मनप्रीत कोर, ज्योति, सवेता, शर्मिला देवी, नवनीत कौर, नवजोत कौर, नेहा, सोनिका, दीपिका, मोनिका, रानी, उदिता, महिमा चौधरी, ज्योति, गगनदीप कौर, प्रियंका, जीत, मुदिता, मोनिका सिहाग।
ये भी जानें :
कैंप आयोजित : भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र बैंगलुरु में 27 दिसंबर 2021 से 28 जनवरी 2022 तक।
कैंप के लिए कुल हाकी खिलाड़ी चयनित: 60
कैंप में प्रदेश के हाकी खिलाड़ी चयनित : 20
60 में से बेस्ट 33 चयनित होगी : 12 जनवरी को कैंप में आयोजित ट्रायल में से
कैंप में किस क्षेत्र से कितनी खिलाड़ी हैं शामिल
- हिसार से आठ खिलाड़ी शामिल हैं। इन आठ में सात हिसार में खेल की बारीकियां सीखी हैं जबकि एक ने काफी समय सोनीपत में खेल अभ्यास किया। अब ये सभी सीनियर नेशनल कैंप में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इनमें सविता, सोनिका, उदिता, दीपिका, मोनिका, मुदिता और ज्योति शामिल है।
- शाहबाद में खेल की बारीकियां सीखने वाली आठ खिलाड़ी में मनप्रित कौर, नवनीत कौर, नवजोत कौर, रानी, महिमा चौधरी, गगनदीप कौर, प्रियंका, रीत और मोनिका सिहाग शामिल है। इन खिलाड़यों ने पूर्व में शाहबाद में खेल अभ्यास किया।
- सोनीपत में खेल अभ्यास करने वाली पांच खिलाड़ी ज्योति, निशा, नेहा, स्वेता, शर्मिला देवी शामिल है। हालांकि शर्मिला देवी हिसार की निवासी है, लेकिन खेल अभ्यास सोनीपत से कर रही थी।
-----बेटियों ने खेल में प्रदेश का मान बढ़ाया है। 60 में से 20 खिलाड़ियों का चयन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। ये खिलाड़ी 27 दिसंबर से सीनियर नेशनल कैंप में खेल अभ्यास करेंगी।
- आजाद सिंह मलिक, सीनियर हाकी कोच, हिसार।