MDU के गर्ल्स हाॅस्टल में रह रहा जेंडर चेंज छात्र निष्कासित, अब इन्हें देना होगा मेडिकल सर्टिफिकेट
एक अलग ही मामला सामने आया है। जहां एक लड़की लिंग परिवर्तन करवा लड़का बनी। मगर वह अपनी सहेली के साथ किसी कॉलोनी में नहीं बल्कि एमडीयू के हॉस्टल के कमरे में ही रह रहा था
रोहतक, जेएनएन। लिंग परिवर्तन करवा शादी के बंधन या लिव इन में रहने वाले जोड़ों के बारे में तो आमतौर पर सूचनाएं सामने आती रहती हैं। मगर रोहतक में एक अलग ही मामला सामने आया है। जहां एक लड़की लिंग परिवर्तन करवा लड़का बनी है। मगर वह अपनी सहेली के साथ किसी कॉलोनी में नहीं बल्कि एमडीयू के हॉस्टल के कमरे में ही रह रहा था। मामला एक गुमनाम ई-मेल से उजागर हुआ।
इसके बाद महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में लिंग परिवर्तन कर लड़की के साथ रह रहे लड़के के मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरी गंभीरता से लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं को निष्कासित कर दिया। अब हॉस्टल में हर संदिग्ध छात्रा से मेडिकल सर्टिफिकेट लिया जाएगा। उधर, इस मामले की जांच भी बैठा दी है।
बता दें कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह को एक गुमनाम मेल भेजी गई। इस मेल में हॉस्टल की छात्राओं ने शिकायत की थी कि मेघना हॉस्टल में विदेशी भाषा का कोर्स कर रही दो छात्राएं एक कमरे में रहती हैं। इनमें एक छात्रा ने लिंग परिवर्तन करा लिया है और दोनों साथ ही कमरे में रहते हैं।
दोनों की संदिग्ध गतिविधियां के बारे में छात्राओं ने हॉस्टल वार्डन व अन्य अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया। छात्राओं का कहना है कि जब छात्रा लिंग परिवर्तन कराकर लड़का बन गई तो इससे उनकी अस्मिता को भी खतरा हो सकता है। शिकायत के बाद कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने तुरंत प्रभाव से चीफ हॉस्टल वार्डन को कार्रवाई के आदेश दिए।
बताया जाता है कि जब हास्टल वार्डन कमरे में गई तो दोनों छात्राएं वहां नहीं थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ही बाहर किसी अकेडमी में नौकरी भी करती हैं और हॉस्टल में रहने के लिए विदेशी भाषा कोर्स में दाखिला ले रखा है। विदेशी भाषा विभाग में भी इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बताया कि यह मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच करवाई जा रही है। दोनों छात्राओं को फिलहाल हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। बताया जाता है कि लिंग परिवर्तन करवाने वाली छात्रा दिल्ली किसी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका हार्मोंस बदलने का इलाज चल रहा है।