पार्टी में गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ विवाद, दोस्त के सिर में मारी गोली
बहादुरगढ़ में दोस्तों के बीच महिला मित्र को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक को सिर में गोली मार दी।
बहादुरगढ़, जेएनएन। शहर के आशियाना होटल में शुक्रवार की रात पार्टी हो रही थी। इस पार्टी के दौरान युवक युवती में कहासुनी हो गई। दो दोस्तों के बीच महिला मित्र को लेकर विवाद हो गया। नौबत यहां तक पहुंची की एक ने दूसरे के सिर में गोली मार दी। इससे वह जख्मी हो गया। उसे दिल्ली रेफर किया गया है। गोली अभी सिर में फंसी हुई है। हालांकि उसने पुलिस को ब्यान दर्ज करवा दिया है।
होटल के कमरा नंबर 203 में रात को कुछ युवक और युवतियां पार्टी के लिए जुटे थे। इनमें बहादुरगढ़ की लालचंद कालोनी का अरिहंत और सोनीपत के सैदपुर गांव का प्रदीप भी था। मयकशी का दौर शुरू हुआ। इस बीच प्रदीप व अरिहंत में विवाद हो गया। बात यह थी कि अरिहंत ने पार्टी में आई प्रदीप की महिला मित्र के सामने यह कह दिया कि उसकी (प्रदीप की) तो एक और महिला मित्र है।
इसी पर प्रदीप तैश में आ गया। दोनों के बीच झगड़ा होने पर प्रदीप बाहर निकला और कुछ ही मिनट में पिस्तौल लेकर वापस आया। उसने अरिहंत के सिर में सटाकर गोली मार दी। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अरिहंत को शहर के ब्रह्मशक्ति अस्पताल में लाया गया। शनिवार को घायल के स्वजन यहां से उसे दिल्ली के अस्पताल ले गए। गोली अभी निकल नहीं पाई है। उधर, सेक्टर-6 थाना से टीम मौके पर पहुंची। बाद में घायल के ब्यान पर ही मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पार्टी में प्रदीप व अरिहंत के अलावा लालचंद कालोनी के ही निखिल व आशीष भी थे। तीन युवतियां थी जो दिल्ली के रघुवीर नगर की रहने वाली बताई जा रही हैं। पार्टी बीच से एक युवक व युवती तो अन्य जगह चले गए। जब तीन युवक और दो युवती थे, तब विवाद हुआ। पार्टी में जो भी था, सभी से पूछताछ की जा रही है। अभी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है। आरोपित की तलाश चल रही है।
-मनोज कुमार, एसएचओ, सेक्टर-6 थाना, बहादुरगढ़