UK का स्टडी वीजा लगवाने का दिखाया सपना, फिर ठगे 12 लाख, आप तो नहीं कर रहे ये गलती
फतेहाबाद में गिलांवाली ढाणी निवासी वीरेंद्र कुमार व गीता कालोनी निवासी मेजर सिंह को बनाया ठगी का शिकार। जींद जिले के गांव बेलरखां का रहने वाला है आरोपित।
टोहाना (फतेहाबाद) जेएनएन। शायद ही कोई हो जिसे विदेश जाने का अवसर मिले और वो न जाए। क्योंकि सब घूमना भी चाहते हैं तो कोई वहां पढ़ाई कर अपना करियर बनाना और डालर भी कमाना चाहते हैं। मगर इसी बात का फायदा उठा ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। आए दिन कहीं न कहीं इस तरह के मामले सामने आने लगे हैं। ताजा मामला फतेहाबाद का है। जहां यूके का स्टडी वीजा लगाने के नाम पर 12 लाख रुपये ठग लिए। मामले में शहर थाना पुलिस ने गिलांवाली ढाणी के वीरेंद्र कुमार व गीता कालोनी के मेजर सिंह की शिकायत पर जींद जिले के गांव बेलरखां के अमित कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में वीरेंद्र कुमार व मेजर सिंह ने बताया कि उनकी एक साल पहले मिलन चौक स्थित एक स्टडी सेंटर पर जींद जिले के गांव बेलरखां निवासी अमित से मुलाकात हुई थी। जिसने उन्हें बताया कि वह यूके का स्टडी वीजा लगवाता है। जिसका उसने 18 लाख रुपये खर्चा बताया।
इस पर वीरेंद्र ने अपनी बहन तथा मेजर सिंह ने अपनी पुत्री का स्टडी वीजा लगवाने की बात कही। अमित ने बताया कि उसका चंडीगढ़ में कार्यालय है, लेकिन वह उनका काम यहीं पर कर देगा। उन दोनों ने अमित पर विश्वास करते हुए वह उसकी बातों में आ गये और अमित का उनके घर आना-जाना हो गया।
उन्होंने अलग-अलग समय में आरोपित को 12 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपित ने 10 से 12 दिन में वीजा आने की बात कही। कई दिन बीत जाने के बाद उन्हें पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है। आरोपित उनके पैसे और पासपोर्ट वापिस करने में आनाकानी करने लगा। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी।
==घटना की शिकायत मिली है। पीडि़त वीरेंद्र व मेजर सिंह की शिकायत पर आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। जांच कार्रवाई जारी है।
महेंद्र सिंह, जांच अधिकारी