तीन बार शादी कर चुकी महिला ने चौथी शादी कर बुना हनी ट्रैप का जाल, फिर ऐसे पकड़ी गई
जिसने शादी करवाई उसी के खिलाफ चाल चली पुलिस ने महिला को पकडऩे के लिए जाल बिछाया और बाजार में बुलाया। जहां महिला को एक लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया उसके साथ उसका पति भी था
हांसी (हिसार) जेएनएन। पति के साथ मिलकर एक व्यक्ति को हनी ट्रैप में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपये ले रही महिला को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। महिला के साथ उसका पति भी पकड़ा गया है। दोनों उन्हीं दोनों को ब्लैकमेल कर रहे थे जिन लोगों ने उनका विवाह कराया था।
पुलिस को हिसार के गांव रामायण के रहने वाले हरदेव सिंह ने बताया कि उसके साले का लड़का राजबीर गुरुग्राम में काम करता है। उड़ीसा की रहने वाली अर्चना भी उसके साथ काम करती थी। अर्चना ने राजबीर से कहा कि उसके पति के साथ उसकी अनबन चल रही है। इसके बाद राजबीर ने मुझसे (हरदेव से) बात की तो हमने अर्चना का विवाह हांसी के गंजा बाग निवासी सचिन से करवा दिया।
सचिन टेलर का काम करता है। कुछ दिनों बाद 24 अक्टूबर को अर्चना ने पुलिस में हरदेव व राजबीर के खिलाफ शिकायत दी और दोनों पर दुष्कर्म के आरोप लगाए। महिला थाने की पुलिस ने राजबीर व हरदेव को थाने में तलब किया। हरदेव ने बताया कि अर्चना ने शिकायत वापस लेने के एवज में उनसे दो लाख रुपये की डिमांड की तो उन्होंने किला बाजार पुलिस चौकी में अर्चना के खिलाफ ब्लैकमेल करने की शिकायत दे दी।
किला बाजार पुलिस चौकी की टीम ने महिला को पकडऩे के लिए जाल बिछाया शहर के बाजार में बुलाया। जहां महिला को एक लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया उसके साथ उसका पति भी था। महिला का तीन बार विवाह हो चुका है और उसने बिना तलाक लिए ही सचिन से शादी की थी। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।