डबवाली से पानीपत तक बनेगी फोर लेन सड़क, कस्बों से गुजरेगा 300 किलोमीटर लंबा मार्ग
उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। वह इसे क्षेत्र के विकास की रीढ़ मानकर चल रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने कसी कमर सर्वे सहित अन्य कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद। अधिकारी अब अनुमानित लागत के लिए ड्राफ्ट जिले के अनुसार तैयार कर रहे हैं।
हिसार/फतेहाबाद [राजेश भादू]। प्रदेश में ढांचागत सुविधाओं को मजबूती देने की कड़ी में एक और लंबे रूट की फोरलेन सड़क का प्रस्ताव अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। डबवाली से पानीपत तक बनने जा रही इस फोरलेन सड़क का प्रस्ताव को मूर्त रूप देने के लिए राज्य सरकार का लोक निर्माण विभाग भी कमर कस चुका है। अभी हाल ही में विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ इसका रोडमैप तैयार करने पर विमर्श भी हुआ है। कस्बों से गुजरने वाली इस फोरलेन सड़क के निर्माण से पहले आवश्यक सर्वे सहित अन्य तमाम औपचारिकताएं शीघ्र ही पूरी की जाएंगी। करीब 300 किलोमीटर प्रस्तावित फोरलेन के लिए बड़ा मुद्दा जमीन अधिग्रहण के दृष्टिगत अधिकारी अब अनुमानित लागत के लिए ड्राफ्ट जिले के अनुसार तैयार कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का ड्रीम प्रोजेक्ट
माना जाता है कि उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। वह इसे क्षेत्र के विकास की रीढ़ मानकर चल रहे हैं। खासकर, कस्बाई क्षेत्रों को रोड कनेक्टिविटी देकर वह बेहतर परिवहन के जरिये विकास को गति देना चाहते हैं। इसी उद्देश्य को साधने के क्रम में डबवाली से लेकर पानीपत तक का फोरलेन रोड बनाना चाहते हैं। यह फोरलेन प्रदेश के उन वंचित कस्बों को बेहतरीन रोड मुहैय्या करवाएगा, जिन क्षेत्रों के लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। करीब 300 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित प्रोजेक्ट की रूप रेखा पिछले दिनों हुई विभाग के अधिकारियों की बैठक में खींची गई। यह सड़क 14 से अधिक कस्बों को जोड़ेगी। अब सरकार क्षेत्र के लोगों की मांग के अनुसार से फोरलेन बनाती है तो इसका पूरा लाभ मिलेगा।
इन क्षेत्रों से होकर प्रस्तावित है फोरलेन
लोक निर्माण विभाग के अनुसार डबवाली से शुरू होकर पानीपत तक बनने वाला फोरलेन उचाना होकर गुजरेगा। जो डबवाली, कालावाली, रोडी, सरदुलगढ़, हांसपुर, रतिया, भूना, सनियाणा, उकलाना, लीतानी, उचाना, नगुरां, असंध, सफीदो से पानीपत तक बनाई जाना प्रस्तावित है। फतेहाबाद में प्रस्तावित फोरलेन हांसपुर पंजाब बार्डर से शुरू होकर रतिया उसके बाद भूना व सनियाणा तक बनेगी। जो करीब 70 बनेगी।
अब अधिकांश जगह स्टेट हाईवे
जिन शहरों से होकर फोरलेन का प्रस्ताव बनाया गया है। उनमें अधिकांश में अब अधिकांश जगह पर स्टेट हाईवे है। कई जगह तो जिला सड़क है जो महज 18 फीट ही चौड़ी है। वहीं स्टेट हाईवे भी 24 फीट चौड़ा है। ऐसे में फोरलेन बनता है तो परिवहन के लिए बेहतरीन सुविधा मिलेगी।
गत दिनों बैठक में हुई थी चर्चा : केके गोयत
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता केके गोयत ने बताया कि डबवाली से लेकर पानीपत तक का फोरलेन बनाने का प्रस्ताव है। इसको लेकर गत दिनों बैठक में चर्चा हुई थी। यह फोरलेन फतेहाबाद से हांसपुर के पास से शुरू होकर रतिया, भूना व सनियाणा तक बनना प्रस्तावित है।